सायरन सुना तो भागे, पुलिस गई तो लौटकर कर डाली चोरी : राजबाग में बेखौफ बदमाशों की वारदात : सूने मकान को बनाया निशाना :सीसीटीवी में पूरी हलचल कैद

सोमवार तड़के चार बदमाश मकान के पास पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान क्षेत्र में पुलिस गश्त वाहन का सायरन सुनाई दिया। पुलिस के पहुंचने की आशंका में बदमाश तत्काल मौके से भाग निकले।

Sep 28, 2026 - 14:03
 0
सायरन सुना तो भागे, पुलिस गई तो लौटकर कर डाली चोरी : राजबाग में बेखौफ बदमाशों की वारदात : सूने मकान को बनाया निशाना :सीसीटीवी में पूरी हलचल कैद

रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़)  शहर में बदमाशों के हौसले किस कदर बढ़ चुके हैं, इसका अंदाजा राजबाग कॉलोनी की इस वारदात से लगाया जा सकता है। पुलिस गश्त वाहन का सायरन सुनकर चार बदमाश मौके से भागे, लेकिन पुलिस के आगे निकलते ही वे दोबारा लौट आए। बेखौफ बदमाशों ने सूने मकान का ताला तोड़ा और चोरी कर फरार हो गए। वारदात ने रात की गश्त और बदमाशों के दुस्साहस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरी गतिविधि सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।

जानकारी के अनुसार राजबाग कॉलोनी के एल-14 मकान में पंचायत विभाग में पदस्थ कर्मचारी कमलेश पापरीवाल जैन किराए से रहते हैं। मकान मालिक दीपक जोशी हैं। कमलेश पारिवारिक कार्य से पिछले कुछ दिनों से बाहर गए हुए हैं, जिसके कारण मकान बंद था।

सोमवार तड़के चार बदमाश मकान के पास पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान क्षेत्र में पुलिस गश्त वाहन का सायरन सुनाई दिया। पुलिस के पहुंचने की आशंका में बदमाश तत्काल मौके से भाग निकले।

हालांकि बदमाशों ने चोरी का इरादा नहीं छोड़ा। पुलिस गश्त वाहन के आगे निकलते ही वे दोबारा मकान के पास पहुंचे और ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद मकान में रखे सामान को खंगालकर बदमाश फरार हो गए।

सुबह पड़ोसियों ने मकान का ताला टूटा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर चार संदिग्ध बदमाशों की गतिविधियां सामने आई हैं। पुलिस अब आसपास के अन्य कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।

कितनी नकदी और आभूषण ले गए, किराएदार के लौटने पर होगा खुलासा

मकान में रहने वाले किराएदार फिलहाल बाहर हैं, इसलिए चोरी गए सामान की वास्तविक जानकारी सामने नहीं आ सकी है। किराएदार के लौटने और घर में रखे सामान की जांच के बाद ही नकदी, आभूषण अथवा अन्य सामान की चोरी का वास्तविक आंकड़ा स्पष्ट होगा। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर बदमाशों की तलाश तेज करदी है 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.