8 लेन एक्सप्रेसवे पर ब्रिज से 30 फीट नीचे गिरी कार : मुंबई से कानपुर जा रहा था परिवार : परिवार के मुखिया की मौत : तीन घायल
परिवार सोमवार शाम करीब 4 बजे मुंबई से रवाना हुआ था। मंगलवार सुबह एक्सप्रेसवे पर वालारुंडी के समीप पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे लगी रेलिंग और क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए पुल से लगभग 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार सुबह शिवगढ़ थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर पुल से करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार 60 वर्षीय साबिर अली की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार हादसा 17 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे वालारुंडी के पास हुआ। महाराष्ट्र के मीरा रोड (मुंबई) निवासी साबिर अली पिता हसन अली अपनी पत्नी नसीम (45), बड़े बेटे सैफ (30) और छोटे बेटे जैद (25) के साथ होंडा सिटी कार क्रमांक एमएच 34 एटी 8414 से मुंबई से कानपुर जा रहे थे। परिवार मूल रूप से कानपुर का निवासी बताया गया है।
रेलिंग और क्रैश बैरियर से टकराकर नीचे गिरी कार
परिवार सोमवार शाम करीब 4 बजे मुंबई से रवाना हुआ था। मंगलवार सुबह एक्सप्रेसवे पर वालारुंडी के समीप पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे लगी रेलिंग और क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए पुल से लगभग 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार में सवार छोटे बेटे जैद, जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं, के अनुसार हादसे के समय कार बड़े भाई सैफ चला रहे थे और पिता साबिर अली आगे वाली सीट पर बैठे थे। अचानक वाहन कैसे अनियंत्रित हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
पेट्रोलिंग टीम ने पहुंचकर बचाया, अस्पताल में एक की मौत
दुर्घटना के समय एक्सप्रेसवे पर तैनात पेट्रोलिंग टीम ने हादसे की सूचना कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने साबिर अली को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बेटों का उपचार जारी है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
What's Your Reaction?







