कबाड़ियों के गोदामों तक पहुंची आबकारी टीम : खाली शराब की बोतलों की जांच : अवैध अहातों पर भी कार्रवाई
इसी अभियान के तहत टीम ने सैलाना ओवरब्रिज स्थित मदिरा दुकान के आसपास अवैध रूप से मदिरापान करवाने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की। इस दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 36 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सोमवार को रतलाम शहर में विशेष जांच अभियान चलाया। कलेक्टर अजय कटेसरिया के आदेश पर सहायक आबकारी आयुक्त विकास मंडलोई के मार्गदर्शन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोहर खरे के नेतृत्व में गठित टीम ने कबाड़ एकत्रित करने वाले व्यापारियों के गोदामों पर पहुंचकर देशी और विदेशी मदिरा की खाली बोतलों एवं पाव के संबंध में जानकारी जुटाई।
आबकारी टीम ने कबाड़ियों को समझाइश दी कि यदि कोई व्यक्ति उनसे शराब की खाली बोतलें खरीदने आता है तो इसकी सूचना तत्काल विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए संपर्क नंबरों पर दें। विभाग का उद्देश्य खाली बोतलों का उपयोग अवैध मदिरा के निर्माण में होने से रोकना है।
इसी अभियान के तहत टीम ने सैलाना ओवरब्रिज स्थित मदिरा दुकान के आसपास अवैध रूप से मदिरापान करवाने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की। इस दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 36 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक पुष्पराज सिंह, सचिन भास्करे, प्रधान आरक्षक बनसिंह अहरे, रामचरण पवार, आबकारी आरक्षक वरुण चौहान तथा नगर सैनिक चेतराम मालवीय और श्रवण कुमार मकवाना शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण और सेवन को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
What's Your Reaction?







