तीन साल के अपराधों का हिसाब, अब थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय : एसपी अमित कुमार ने अपराध नियंत्रण के लिए दिए सख्त निर्देश

तीन साल के अपराधों का हुआ तुलनात्मक विश्लेषण, चोरी, नशा, अवैध शराब और महिला अपराधों पर विशेष फोकस; ऑपरेशन मुस्कान व साइबर अपराधों के लिए भी बनेगी विशेष रणनीति

Nov 17, 2026 - 11:00
 0
तीन साल के अपराधों का हिसाब, अब थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय : एसपी अमित कुमार ने अपराध नियंत्रण के लिए दिए सख्त निर्देश

रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़  जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। रविवार को नवीन पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पिछले तीन वर्षों के अपराधों का तुलनात्मक विश्लेषण करते हुए अपराधों की स्थिति और पुलिस कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की। जिन थाना क्षेत्रों में अपराधों में वृद्धि सामने आई, वहां इसके कारणों की पहचान कर सुधारात्मक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा, एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर, डीएसपी यातायात आनंद स्वरूप सोनी, डीएसपी महिला सेल गायत्री सोनी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।

लंबित अपराधों और चोरी के मामलों पर विशेष नजर

समीक्षा बैठक में गंभीर संपत्ति संबंधी अपराधों, लंबित एवं चिह्नित प्रकरणों, आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। एसपी ने लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण के लिए विशेष टीमें गठित करने तथा चोरी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी गए मशरूके की बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने को भी कहा गया।

नशे और अवैध शराब के खिलाफ तेज होगी कार्रवाई

अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश देते हुए एसपी ने होटल और ढाबों की नियमित चेकिंग करने को कहा। आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने तथा उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

महिला सुरक्षा, ऑपरेशन मुस्कान और साइबर अपराधों पर फोकस

महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में त्वरित वैधानिक कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम एवं अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए विशेष टीमें गठित कर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं, बढ़ते साइबर अपराधों के निराकरण के लिए प्रत्येक थाना स्तर पर विशेष टीम गठित करने को कहा गया।

शिकायतों के निराकरण और जनसंवाद पर जोर

एसपी अमित कुमार ने सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य शिकायतों का संतोषजनक और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के लिए थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित जनसंवाद आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने को कहा।

बैठक में आगामी दिनों की पुलिसिंग को लेकर सभी सीएसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारियों को जिम्मेदारियां एवं लक्ष्य सौंपे गए। अंत में एसपी अमित कुमार ने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराधियों पर अंकुश लगाएं और आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.