दिवंगत शिक्षक गजराज सिंह राठौर की स्मृति में सेमलिया गांव के प्रतिभाशाली छात्रों को किया पुरस्कृत : दसवीं टॉपर को हर वर्ष देंगे ₹10000 का पुरस्कार
सेमलिया शासकीय स्कूल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में दसवीं कक्षा में टॉप करने वाले प्रदीप डोडिया को ₹10000 नगद, आठवीं की टॉपर बालिका रुखसार शाह को ₹5000 एवं पांचवी की टॉपर बालिका देविका गोयल को ₹5000 नगद सहित शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) रतलाम के सेमलिया गांव में राठौर परिवार द्वारा दिवंगत शिक्षक गजराज सिंह राठौर की स्मृति में एक सराहनीय पहल की गई। गांव के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कक्षा 5वीं, 8वीं और 10वीं के टॉपर विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सेमलिया शासकीय विद्यालय में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं के टॉपर प्रदीप डोडिया को ₹10,000, कक्षा 8वीं की टॉपर बालिका रुखसार शाह को ₹5,000 तथा कक्षा 5वीं की टॉपर बालिका देविका गोयल को ₹5,000 नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सांत्वना पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नवोदय विद्यालय कालूखेड़ा में चयनित विद्यार्थियों के परिजनों का भी सम्मान किया गया। साथ ही गांव की पहली डॉक्टर बनने जा रही बिटिया कृतिका मालवीय के एमबीबीएस में चयन पर उनके पिता दिनेश मालवीय को भी सम्मानित किया गया।
राठौर परिवार ने घोषणा की कि हर वर्ष कक्षा 10वीं के टॉपर छात्र को ₹10,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ शिक्षक गजराज सिंह राठौर ने रतलाम ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों को वर्षों तक आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका निधन गत वर्ष 11 जून को हो गया था। उनकी स्मृति में उनके भाई आनंदपाल सिंह राठौर एवं पुत्र वैभव सिंह राठौर द्वारा यह पहल की गई।
इस अवसर पर अर्पिता, ईशू, चंचल, साक्षी एवं जोया को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन और अन्य गतिविधियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाराज राम प्रताप सिंह राठौर, प्राचार्य पुष्कर मालवीय, पूर्व सरपंच नरेंद्र जैन, पूर्व सरपंच प्रहलाद धबाई, जगदीश जी बंधु, पूर्व शिक्षक बसंतीलाल परमार, शिवनाथ सिंह राठौर, राजेश गोस्वामी एवं पत्रकार दिव्यराज सिंह सहित स्कूल स्टाफ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?



