प्रेम विवाह से नाराजगी में दामाद को मारी गोली : बेटी ने पिता पर लगाए पति को गोली मारने के आरोप
जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय सुनील प्रजापत दाहोद से रतलाम लौटा था। रेलवे स्टेशन से वह एक्टिवा पर सवार होकर अपने घर जूनी कलाल सेरी जा रहा था। इसी दौरान फ्रीगंज बायपास रोड के सुनसान इलाके में उसे गोली मार दी गई।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) शहर के स्टेशन रोड क्षेत्र में एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। घायल युवक की पत्नी ने अपने ही पिता पर पति को गोली मारने के आरोप लगाए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी अपनी बेटी के प्रेम विवाह से नाराज था। युवती ने करीब छह महीने पहले सुनील प्रजापत से प्रेम विवाह किया था।
जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय सुनील प्रजापत दाहोद से रतलाम लौटा था। रेलवे स्टेशन से वह एक्टिवा पर सवार होकर अपने घर जूनी कलाल सेरी जा रहा था। इसी दौरान फ्रीगंज बायपास रोड के सुनसान इलाके में उसे गोली मार दी गई। घटना के बाद आरोपी के मौके से फरार होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायल सुनील को तत्काल रतलाम के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली युवक की पीठ में लगी है।
मामले में घायल की पत्नी ने अपने पिता पर गोली मारने का आरोप लगाया है। प्रेम विवाह को लेकर पारिवारिक नाराजगी को घटना की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर घटना के घटनाक्रम और अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
What's Your Reaction?



