भंडारी ज्वेलर्स में नकबजनी का खुलासा : 5 मिनट में दिया वारदात को अंजाम : सोना समझकर उड़ाए 4 किलो नकली जेवर : जीजा साला गिरफ्त में, तीसरा फरार
एसपी अमित कुमार ने बताया कि घटनास्थल के पास स्थित एक बड़ी ज्वेलरी शॉप पर तैनात वॉचमैन भी सो रहा था। सराफा बाजार जैसे महत्वपूर्ण कारोबारी क्षेत्र में चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। मामले में माणकचौक थाने के बीट प्रभारी हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।
रतलाम, 28 अक्टूबर (प्रकाशभारत न्यूज़) शहर के व्यस्त चौमुखीपुल सराफा बाजार में भंडारी ज्वेलर्स पर हुई नकबजनी का माणकचौक पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी दुकान को असली सोने-चांदी के आभूषणों का शोरूम समझकर घुसे थे, लेकिन यहां से आर्टिफिशियल ज्वेलरी समेटकर ले गए। महज 5 से 7 मिनट में वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के कब्जे से करीब 4 किलो आर्टिफिशियल ज्वेलरी और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई है। चोरी गई करीब 20 हजार रुपये की नकदी भी बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मामले का खुलासा किया। इस दौरान सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया भी मौजूद रहे।
असली जेवरों की उम्मीद में घुसे, आर्टिफिशियल ज्वेलरी लेकर भागे
एसपी अमित कुमार के अनुसार, आरोपियों ने भंडारी ज्वेलर्स को सोने-चांदी के असली आभूषणों की दुकान समझकर निशाना बनाया। दुकान से व्हाइट मेटल की पायल, कंदोरे, कड़ी सहित अन्य आर्टिफिशियल ज्वेलरी और नकदी चोरी की गई। वारदात को अंजाम देने में आरोपियों को महज 5 से 7 मिनट लगे। शहर के प्रमुख सराफा बाजार में हुई इस घटना ने रात के समय दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, दो आरोपी गिरफ्तार
चौमुखीपुल निवासी रजत भंडारी (42) ने 21 अक्टूबर को माणकचौक थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पंद्रो और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
एक पर चार, दूसरे पर चोरी-नकबजनी के 12 अपराध
पुलिस ने मोहनसिंह चावला (21), निवासी उमरठी, जिला बड़वानी और राजवीरसिंह भोड़ (23), निवासी आकाश नगर, इंदौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मोहनसिंह के खिलाफ पूर्व में चार और राजवीरसिंह के खिलाफ 12 अपराध दर्ज हैं। दोनों के बीच जीजा-साले का रिश्ता बताया गया है।
पूछताछ में आरोपियों के दिल्ली में भी वारदात करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इस संबंध में और संभावित आपराधिक घटनाओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
14 अपराधों वाला मुख्य आरोपी अब भी फरार
मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे गुरदीपसिंह चावला, निवासी आकाश नगर, इंदौर की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ भी चोरी और नकबजनी के 14 अपराध दर्ज हैं। उसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
वारदात में इस्तेमाल बाइक भी चोरी की होने की आशंका
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल होंडा साइन मोटरसाइकिल जब्त की है। प्रारंभिक जांच में इसके भी चोरी का वाहन होने की आशंका जताई गई है। पुलिस वाहन के वास्तविक मालिक और उससे जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
पास की ज्वेलरी शॉप का वॉचमैन भी सोता मिला
एसपी अमित कुमार ने बताया कि घटनास्थल के पास स्थित एक बड़ी ज्वेलरी शॉप पर तैनात वॉचमैन भी सो रहा था। सराफा बाजार जैसे महत्वपूर्ण कारोबारी क्षेत्र में चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। मामले में माणकचौक थाने के बीट प्रभारी हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।
What's Your Reaction?



