जन्मदिन की पार्टी से शुरू हुआ विवाद : ईंट भट्टे पर किया युवक का कत्ल :शव डिक्की में डालकर रातभर शहर में घूमते रहे आरोपी : मुख्य आरोपी समेत 4 पकड़ाए

6 नवंबर की शाम करीब 5 बजे दीनदयाल नगर थाना पुलिस को एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान दीनदयाल नगर निवासी रितेश, पिता शंभू माईङ्कार के रूप में हुई।

Nov 8, 2026 - 20:47
 0
जन्मदिन की पार्टी से शुरू हुआ विवाद : ईंट भट्टे पर किया युवक का कत्ल :शव डिक्की में डालकर रातभर शहर में घूमते रहे आरोपी :  मुख्य आरोपी समेत 4 पकड़ाए

रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जन्मदिन की पार्टी में शुरू हुआ विवाद खूनी रंजिश में बदल गया। दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में मिले युवक के अज्ञात शव की गुत्थी सुलझाते हुए रतलाम पुलिस ने हत्या की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश किया है। आरोपियों ने पहले युवक को शराब पिलाने के बहाने ईंट भट्टे पर बुलाया और फिर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद भी आरोपियों की हैवानियत नहीं थमी। शव को कार की डिक्की में डालकर पूरी रात शहर में घूमते रहे और बाद में सुनसान इलाके में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सौरभ वर्मा और तीन विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

अज्ञात शव ने खोली हत्या की परतें

6 नवंबर की शाम करीब 5 बजे दीनदयाल नगर थाना पुलिस को एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान दीनदयाल नगर निवासी रितेश, पिता शंभू माईङ्कार के रूप में हुई। पोस्टमार्टम में धारदार हथियार से कई वार किए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जन्मदिन की पार्टी में भिड़े, फिर रची हत्या की साजिश

पुलिस की तकनीकी और मैदानी जांच में सामने आया कि 5 नवंबर की रात रितेश स्टेशन रोड क्षेत्र में आयोजित जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुआ था। यहां उसका सौरभ वर्मा, अमन बाबा, विकास मेघवाल उर्फ जग्गू, समीर लाला, सूजल जैन और अन्य युवकों से विवाद हो गया था। इसी विवाद ने बाद में खूनी रूप ले लिया।

शराब के बहाने ईंट भट्टे पर ले गए, चाकुओं से किए वार

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पार्टी के बाद आरोपी रितेश को शराब पिलाने के बहाने विरियाखेड़ी स्थित ईंट भट्टे पर ले गए। वहां विवाद दोबारा भड़क उठा। आरोप है कि मुख्य आरोपी सौरभ वर्मा और एक नाबालिग ने मिलकर चाकू से रितेश के गले, पेट और पीठ पर कई वार किए। हमले में रितेश की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद कार की डिक्की में रखा शव, रातभर शहर में घूमते रहे

वारदात के बाद आरोपियों ने शव ठिकाने लगाने की कोशिश की। फरार आरोपी विपिन द्वारा लाई गई काले रंग की वेन्यू कार की डिक्की में शव रख दिया गया। इसके बाद आरोपी पूरी रात शव को कार में लेकर शहर के अलग-अलग हिस्सों में घूमते रहे। बाद में झामण क्षेत्र के सुनसान इलाके में शव फेंककर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पिछले महीने का पुराना विवाद भी वजह था, जिसको लेकर पहले से प्रकरण दर्ज था।

पुलिस टीम ने किया अंधे कत्ल का खुलासा

एसपी अमित कुमार के निर्देशन में सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और थाना प्रभारी उप निरीक्षक अनुराग यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। मुख्य आरोपी सौरभ वर्मा सहित तीन विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। अन्य फरार आरोपियों और वारदात में इस्तेमाल हथियारों की तलाश की जा रही है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक राजेंद्र चौहान, सहायक उप निरीक्षक बसीलं गनावा, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र, आरक्षक संदीप कुमावत, दीपक सिंह और राजू गरवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.