एमडी ड्रग्स केस मे लंबे समय से फरार सर्राफा व्यापारी गिरफ्तार : जेल पहुंचा आरोपी
पुलिस जांच में आरोप है कि अक्षय मुख्य आरोपी सुनील सूर्या से एमडी ड्रग्स खरीदता था। खुद सेवन करने के साथ ही वह इसे आगे भी बेचता था।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जावरा में एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे रतलाम के सर्राफा व्यापारी अक्षय चपड़ोद को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जावरा शहर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे रतलाम के चांदनी चौक क्षेत्र से पकड़ा। पुलिस जांच में आरोप है कि अक्षय मुख्य आरोपी सुनील सूर्या से एमडी ड्रग्स खरीदता था। खुद सेवन करने के साथ ही वह इसे आगे भी बेचता था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार से मिली थी 20 लाख की एमडी ड्रग्स
मामला 6 मई 2025 का है। जावरा में महू-नीमच हाईवे स्थित पटेल होटल के सामने पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार की तलाशी ली थी। तलाशी में कार से 22 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई थी, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई थी। पुलिस ने मौके से ट्रांसपोर्ट व्यवसायी कमलेश जैन और उसके साथी साबिर खान को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में खुला था तस्करी नेटवर्क
जावरा शहर थाना प्रभारी मनोज कटारिया के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने रतलाम निवासी सुनील सूर्या के जरिए दलौदा में ड्रग्स मंगवाने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए सुनील सूर्या सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
इसी प्रकरण की जांच के दौरान रतलाम के माणकचौक थाना क्षेत्र में रहने वाले सर्राफा व्यापारी अक्षय चपड़ोद का नाम भी सामने आया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर दबिश, फिर गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार अक्षय चपड़ोद चांदनी चौक क्षेत्र में घूम रहा है और अपने घर पर भी रह रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद शुक्रवार शाम उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
What's Your Reaction?



