सैलाना में कांग्रेस की जिला समन्वय एवं कार्यकारिणी समिति की बैठक संपन्न : 26 जून को किसानों और युवाओं के मुद्दों पर कलेक्टोरेट घेराव : अनुशासन समिति गठन का भी निर्णय
बैठक में किसानों और युवाओं की समस्याओं को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ 26 जून को जिला स्तरीय विशाल विरोध प्रदर्शन एवं कलेक्टर कार्यालय घेराव करने का निर्णय लिया गया। साथ ही संगठन में अनुशासन बनाए रखने के लिए जिला स्तरीय अनुशासन समिति गठित करने पर सहमति बनी।
सैलाना(प्रकाशभारत न्यूज़) सैलाना में रतलाम जिला कांग्रेस समन्वय समिति एवं जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत ने की, जबकि रतलाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा का विशेष सानिध्य रहा। मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के जिला संगठन प्रभारी रामवीर सिंह सिकरवार एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया उपस्थित रहे।
बैठक में सैलाना विधानसभा प्रभारी कमल पटेल, जावरा विधानसभा प्रभारी सुरेंद्र कुमावत, रतलाम ग्रामीण विधानसभा प्रभारी मनजीत टुटेजा तथा आलोट विधानसभा प्रभारी जितेंद्र मंडोर भी मौजूद रहे।
बैठक में किसानों और युवाओं की समस्याओं को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ 26 जून को जिला स्तरीय विशाल विरोध प्रदर्शन एवं कलेक्टर कार्यालय घेराव करने का निर्णय लिया गया। साथ ही संगठन में अनुशासन बनाए रखने के लिए जिला स्तरीय अनुशासन समिति गठित करने पर सहमति बनी। आलोट क्षेत्र में कुछ बाहरी व्यक्तियों द्वारा समानांतर कांग्रेस कमेटी गठन की घोषणाओं पर भी आपत्ति जताते हुए संबंधित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी से रिपोर्ट तलब करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में कांग्रेस नेत्री मीनाक्षी नटराजन के राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में दायर नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया।
प्रारंभ में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने संगठनात्मक गतिविधियों का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित सभी कार्यक्रम जिले में सफलतापूर्वक संपन्न किए गए हैं।
जिला संगठन प्रभारी रामवीर सिंह सिकरवार ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन में कार्य संस्कृति और अनुशासन दोनों आवश्यक हैं। अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मार्गदर्शन में जिले सहित पूरे क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को नई शक्ति प्रदान करना है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन विस्तार में जुटना होगा।
बैठक के अंत में संगठन महामंत्री जगदीश पाटीदार ने आभार व्यक्त किया।
बैठक में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा, जिला पंचायत सदस्य डी.पी. धाकड़, राजेश भरवा, जावरा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष युसूफ कडपा, सैलाना नगर परिषद अध्यक्ष लकी शुक्ला, सैलाना नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, सैलाना मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष रामजी चौधरी सहित समिति के विभिन्न सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?



