सांदीपनि विद्यालय विनोबा ने रचा राष्ट्रीय गौरव : जीता प्रतिष्ठित ‘अराइज अवॉर्ड’ : फिक्की समर्थित राष्ट्रीय पुरस्कार से रतलाम की शिक्षा जगत में बढ़ा मान

विद्यालय की ओर से यह पुरस्कार उप प्राचार्य गजेन्द्र सिंह राठौर ने प्राप्त किया। उन्हें डॉ. राजेश पंकज, सीनियर डायरेक्टर फिक्की, अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविद पैट्रिक दरहम एवं निकोले बेंचार्ड तथा अराइज के अध्यक्ष डॉ. अरुणाभ सिंह ने ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किया।

Sep 26, 2026 - 21:07
 0
सांदीपनि विद्यालय विनोबा ने रचा राष्ट्रीय गौरव : जीता प्रतिष्ठित ‘अराइज अवॉर्ड’ : फिक्की समर्थित राष्ट्रीय पुरस्कार से रतलाम की शिक्षा जगत में बढ़ा मान

रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़)  सांदीपनि विद्यालय विनोबा, रतलाम ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल करते हुए फिक्की समर्थित प्रतिष्ठित ‘अराइज अवॉर्ड 2026’ अपने नाम किया है। विद्यालय को ‘टीचर्स प्रोफेशनल डेवलपमेंट’ श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह सम्मान फिक्की के अराइज लर्निंग फेस्टिवल-2026 के दौरान नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में प्रदान किया गया।

विद्यालय की ओर से यह पुरस्कार उप प्राचार्य गजेन्द्र सिंह राठौर ने प्राप्त किया। उन्हें डॉ. राजेश पंकज, सीनियर डायरेक्टर फिक्की, अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविद पैट्रिक दरहम एवं निकोले बेंचार्ड तथा अराइज के अध्यक्ष डॉ. अरुणाभ सिंह ने ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किया।

तीन चरणों की चयन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन

अराइज अवॉर्ड के लिए विद्यालय को तीन चरणों की चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। पहले चरण में विद्यालय में संचालित शिक्षकों के व्यावसायिक विकास से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों, उनके निरंतर क्रियान्वयन और परिणामों का दस्तावेजीकरण किया गया। दूसरे चरण में इन कार्यों से संबंधित विस्तृत दस्तावेज प्रस्तुत किए गए।

चयन प्रक्रिया का तीसरा चरण 12 सितंबर को नई दिल्ली स्थित फिक्की मुख्यालय में आयोजित हुआ। यहां देशभर से चयनित विद्यालयों के सामने अपनी कार्यप्रणाली प्रस्तुत करने का अवसर था। सांदीपनि विद्यालय विनोबा के ‘टीचर प्रोफेशनल डेवलपमेंट मॉडल’ का प्रस्तुतीकरण उप प्राचार्य एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक गजेन्द्र सिंह राठौर ने राष्ट्रीय ग्रैंड जूरी के समक्ष किया। राठौर ने विद्यालय में विकसित ‘साइकिल ऑफ ग्रोथ’ मॉडल की कार्यप्रणाली और उसके प्रभावों को विस्तार से प्रस्तुत किया।

इस चयन प्रक्रिया के पहले चरण में देशभर के 700 से अधिक विद्यालयों ने हिस्सा लिया था। तीसरे चरण तक विभिन्न श्रेणियों में 63 विद्यालय शॉर्टलिस्ट हुए, जहां विद्यालयों के कार्यों का प्रस्तुतीकरण और प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया।

शिक्षकों के सतत विकास पर फोकस

उप प्राचार्य गजेन्द्र सिंह राठौर ने बताया कि सांदीपनि विद्यालय विनोबा में शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के लिए ऐसा तंत्र विकसित किया गया है, जिसमें देश-दुनिया के अग्रणी विद्यालयों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को साझा कर उनसे सीखने पर जोर दिया जाता है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को बदलती शैक्षिक आवश्यकताओं और नई पीढ़ी के अनुरूप लगातार विकसित होने के लिए तैयार करना है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय का लक्ष्य ऐसा शैक्षिक वातावरण तैयार करना है, जिसमें शिक्षक लगातार सीखें, नए प्रयोग करें और अपने शिक्षण अभ्यास को बेहतर बनाते रहें। इसके लिए विद्यालय में ‘साइकिल ऑफ ग्रोथ’, ‘द जेन सा मॉडल’, ‘ब्रूडिंग इफेक्ट’ और ‘शिक्षा एकीकरण मॉडल’ जैसे नवाचारों को भी जोड़ा जा रहा है।

विद्यालय अब शिक्षण प्रक्रिया में सभी शिक्षकों के लिए स्व-गति आधारित एआई उपकरणों के एकीकरण की दिशा में भी काम कर रहा है।

अराइज फेस्टिवल में शिखर धवन और डॉ. दीपक बागला ने किया संबोधित

फिक्की समर्थित अराइज लर्निंग फेस्टिवल-2026 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी शिखर धवन तथा अटल इनोवेशन मिशन, नीति आयोग के मिशन डायरेक्टर डॉ. दीपक बागला ने भी अलग-अलग सत्रों में संबोधित किया।

विद्यालय की प्राचार्य संध्या वोरा ने शिक्षक विकास मॉडल की निरंतरता, सीखने की प्रक्रिया और विद्यालय स्तर पर उसके प्रभाव को रेखांकित किया।

पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल चुका है सम्मान

सांदीपनि विद्यालय विनोबा, रतलाम इससे पहले भी शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर चुका है। वर्ष 2024 में विद्यालय ने नवाचार श्रेणी में विश्व के सर्वश्रेष्ठ विद्यालय का 10 हजार डॉलर का अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किया था। इसके अलावा विद्यालय को राज्य शिक्षा केंद्र की ओर से दक्ष विद्यालय का मेडल, आईएसओ अवॉर्ड तथा प्रदेश में लाइट हाउस विद्यालय का दर्जा भी प्राप्त है।

विद्यालय की शिक्षण प्रक्रियाओं और नवाचारों को समझने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों के 45 से अधिक विद्यालयों के 100 से अधिक शिक्षक एवं प्राचार्य यहां आकर प्रशिक्षण एवं अवलोकन कर चुके हैं।

टीम विनोबा को मिली बधाइयां

इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी सिमरन सूर्यवंशी, योजना अधिकारी जितेंद्र जोशी, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष विजय मीणा, उपाध्यक्ष कमल पाटीदार सहित समिति सदस्यों ने प्राचार्य संध्या वोरा, उप प्राचार्य गजेन्द्र सिंह राठौर सहित पूरी टीम विनोबा और सपोर्ट स्टाफ को बधाई दी।

विद्यालय की इस उपलब्धि को शासकीय शिक्षा व्यवस्था में नवाचार और शिक्षक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.