रावटी में महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी : शरीर पर मिले लाठियों के निशान : पति घटना के बाद से लापता
मृतका की पहचान कलाबाई पति मांगीलाल गरवाल के रूप में हुई है। बुधवार सुबह करीब 6 बजे महिला के ससुर गेंदालाल गरवाल अपने बेटे के घर पहुंचे तो कलाबाई बेसुध अवस्था में पड़ी मिली। गेंदालाल खेत पर बने मकान में रहते हैं। बहू की हालत देखकर उन्होंने अपनी पत्नी को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) रावटी थाना क्षेत्र के रानीसिंह गांव में बुधवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से गांव में सनसनी फैल गई। महिला के शरीर पर लकड़ी से चोट पहुंचाने के निशान मिलने से मामला गंभीर हो गया है। प्रारंभिक जांच में रात के समय पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट की बात सामने आई है। घटना के बाद से महिला का पति लापता है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
मृतका की पहचान कलाबाई पति मांगीलाल गरवाल के रूप में हुई है। बुधवार सुबह करीब 6 बजे महिला के ससुर गेंदालाल गरवाल अपने बेटे के घर पहुंचे तो कलाबाई बेसुध अवस्था में पड़ी मिली। गेंदालाल खेत पर बने मकान में रहते हैं। बहू की हालत देखकर उन्होंने अपनी पत्नी को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर रावटी थाने के एसआई एमआई खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर लकड़ी से चोट लगने के निशान पाए गए। दोपहर करीब डेढ़ बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
सरपंच प्रतिनिधि को फोन कर बताई थी दवाई पीने की बात
पुलिस की शुरुआती पड़ताल में सामने आया कि मंगलवार रात मांगीलाल और कलाबाई के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान महिला के साथ लाठियों से मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह मांगीलाल ने सरपंच प्रतिनिधि अम्बाराम गरवाल को फोन कर कहा था कि वह रात में सो गया था और बाद में पत्नी ने दवाई पी ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शरीर पर मिले चोटों के निशान किस वजह से आए, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
तीन बेटे सूरत में करते हैं मजदूरी
घटना के बाद मांगीलाल घर पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम किया है। मृतका के तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा करण शादीशुदा है, जबकि अर्जुन और कमल छोटे हैं। तीनों गुजरात के सूरत में मजदूरी करते हैं। बुधवार सुबह उन्हें भी मां की मौत की सूचना दी गई।
What's Your Reaction?







