गुरु रामदास पब्लिक स्कूल में धूमधाम से हुआ ‘विद्यारंभ संस्कार : नन्हे विद्यार्थियों ने रखा शिक्षा के मंदिर में पहला कदम
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सचिव श्री कश्मीर सिंह, प्राचार्य श्रीमती सुनीता राठौर एवं प्राधानाध्यापिका श्रीमती पूनम गांधी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा भगवान श्री गणेश एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) गुरु रामदास पब्लिक स्कूल में शनिवार को नर्सरी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के अनुरूप ‘विद्यारंभ संस्कार’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 50 नन्हे विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सचिव श्री कश्मीर सिंह, प्राचार्य श्रीमती सुनीता राठौर एवं प्राधानाध्यापिका श्रीमती पूनम गांधी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा भगवान श्री गणेश एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा नन्हे बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्पवर्षा के साथ आत्मीय स्वागत किया गया।
प्राचार्य श्रीमती सुनीता राठौर ने कहा कि विद्यारंभ संस्कार बच्चों के ज्ञानार्जन की पहली सीढ़ी है। विद्यालय का उद्देश्य आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों का समन्वय करना है।
कार्यक्रम में बच्चों ने ‘ॐ’ एवं स्वास्तिक का अक्षर लेखन कर अपनी औपचारिक शिक्षा का शुभारंभ किया। वहीं विद्यालय के वरिष्ठ विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने इस यादगार पल के साक्षी बनकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
समापन अवसर पर सभी नन्हे विद्यार्थियों को उपहार स्वरूप नर्सरी कक्षा का संपूर्ण पाठ्यक्रम, पुस्तकें, मोरपंख एवं पेंसिल प्रदान की गई। साथ ही बच्चों एवं अभिभावकों को फल एवं स्वल्पाहार वितरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती नीलिमा उपाध्याय एवं श्रीमती रानू सकलेचा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्रीमती रवीन्द्र कौर मठारू एवं श्रीमती बृजेशलता वर्मा ने किया। अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ ने सभी अभिभावकों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
What's Your Reaction?



