रेल कर्मचारियों के मुद्दों पर पीएनएम में बनी सहमति : जर्जर आवासों की मरम्मत को मिलेगी प्राथमिकता : रेलवे अस्पताल में कैजुअल्टी वार्ड एसी करने, लिफ्ट लगाने सहित 16 मांगों पर डीआरएम ने दिया आश्वासन
मंडल मंत्री अभिलाष नागर एवं मंडल अध्यक्ष प्रताप गिरी के नेतृत्व में हुई बैठक में मंडल रेल प्रबंधक अश्विनी कुमार सहित विभिन्न शाखा अधिकारियों के साथ कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) रेल कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं को लेकर वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ की वर्ष 2026 की तीसरी पीएनएम (स्थायी वार्ता तंत्र) बैठक शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित हुई। मंडल मंत्री अभिलाष नागर एवं मंडल अध्यक्ष प्रताप गिरी के नेतृत्व में हुई बैठक में मंडल रेल प्रबंधक अश्विनी कुमार सहित विभिन्न शाखा अधिकारियों के साथ कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
सहायक मंडल मंत्री गौरव दुबे ने बताया कि बैठक में कई महत्वपूर्ण मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई और अधिकारियों की ओर से समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। जर्जर रेल आवासों की मरम्मत को प्राथमिकता से कराने तथा रेलवे बोर्ड के मापदंडों के अनुसार नए रेल आवासों के निर्माण पर विशेष सहमति बनी।
बैठक में तय बिंदुओं के अनुसार रेलवे अस्पताल के कैजुअल्टी वार्ड को एक माह के भीतर वातानुकूलित करने, अस्पताल में लिफ्ट लगाने तथा लोकल ट्रांसफर पॉलिसी में आवश्यक सुधार के लिए अक्टूबर के पहले सप्ताह में चर्चा करने की बात कही गई।
डिप्टी सीटीआई के 4200 ग्रेड पे की पदोन्नति एक सप्ताह में करने तथा इसके बाद सीनियर सीसीटीसी के 2800 ग्रेड पे के पदोन्नति आदेश अक्टूबर माह में जारी करने का आश्वासन दिया गया। ड्रेसर के रिक्त पदों पर एलडीसीई के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया भी जारी है।
अजनोद-पालिया में नए रेल आवास
रेल आवासों को लेकर बैठक में बताया गया कि अजनोद में 12 तथा पालिया में नए रेलवे आवासों का निर्माण मध्य 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं बकरा पुलिया के नवीनीकरण का कार्य जल्द शुरू करने, टिकट चेकिंग स्टाफ को एचएचटी डिवाइस जल्द उपलब्ध कराने और सीएंडडब्ल्यू विभाग के पैसेंजर यार्ड में रोलिंग हट की मरम्मत शीघ्र पूरी करने पर भी चर्चा हुई। साथ ही नया रोलिंग हट बनाने की बात कही गई।
अनुकम्पा नियुक्ति से जुड़े मामलों में आवेदन की तारीख के अनुसार पुरानी पेंशन में शामिल करने के आदेश जल्द जारी करने तथा लंबित पांच प्रकरणों पर मेरिट के आधार पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया गया। फार्मासिस्ट कैटेगरी के लंबित ड्रेस अलाउंस एरियर और ट्रैक मेंटेनर के साइकिल मेंटेनेंस अलाउंस के एरियर का भुगतान करने की बात भी कही गई।
रेल कर्मचारियों के बच्चों के लिए स्कूल कार्ड पास की दूरी सीमा 150 किलोमीटर तक बढ़ाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई, जिसे मुख्यालय की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। रेलवे स्टेशन परिसर में रेल कर्मचारियों के वाहनों के लिए पार्किंग स्थान निर्धारित करने पर भी सहमति बनी।
सेवानिवृत्ति से पहले मुख्य चिकित्सा अधिकारी का सम्मान
पीएनएम के बाद वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ की ओर से रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजेश कुमार बेन जी का सेवानिवृत्ति से पूर्व समारोहपूर्वक सम्मान किया गया। संघ पदाधिकारियों ने रेल कर्मचारियों के हित में चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रेलवे अस्पताल के चिकित्सक भी उपस्थित रहे।
बैठक में मंडल उपाध्यक्ष अतुल सिंह राठौर, मंडल उपाध्यक्ष एवं जेसी बैंक डायरेक्टर सचिन मिश्रा, संयुक्त मंडल मंत्री बलराम बढ़गोत्या, सहायक मंडल मंत्री नरेंद्र सिंह सोलंकी, सीडब्ल्यूसी गौरव संत एवं लक्ष्मीचंद जाखड़, शाखा सचिव संजय कुमार, दीपक गुप्ता, अमित चौहान, रविराज परिहार, कमलेश चौधरी, विजय पाटीदार, प्रहलाद मीणा, शाखा अध्यक्ष आशाराम मीणा, इमरान खान, देवदत्त गोस्वामी, अविनाश श्रीवास, रणजीत सिंह, महिला समिति अध्यक्ष रंजिता वैष्णव एवं सचिव ऊषा खिंची सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

