सैलाना नगर बस स्टैंड चौड़ीकरण के समर्थन में उतरे 200 से अधिक व्यापारी : रोक नहीं हटने पर आंदोलन की चेतावनी

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के कारण नगर परिषद द्वारा प्रस्तावित विकास कार्य लंबे समय से रुका हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही रोक नहीं हटाई गई तो व्यापारी वर्ग आंदोलन के लिए मजबूर होगा।

Jun 23, 2026 - 07:25
 0
सैलाना नगर बस स्टैंड चौड़ीकरण के समर्थन में उतरे 200 से अधिक व्यापारी : रोक नहीं हटने पर आंदोलन की चेतावनी

सैलाना (प्रकाशभारत न्यूज़) नगर के बस स्टैंड चौड़ीकरण कार्य के समर्थन में रविवार शाम 200 से अधिक व्यापारियों ने एकजुट होकर जिला प्रशासन से विकास कार्य पर लगी रोक हटाने की मांग की। ओशीन परिसर में आयोजित व्यापारी मिलन समारोह में व्यापारियों ने नगर परिषद की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि बस स्टैंड का चौड़ीकरण नगर के विकास और भविष्य की जरूरतों के लिए आवश्यक है।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के कारण नगर परिषद द्वारा प्रस्तावित विकास कार्य लंबे समय से रुका हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही रोक नहीं हटाई गई तो व्यापारी वर्ग आंदोलन के लिए मजबूर होगा।

तीन माह पहले पारित हुआ था प्रस्ताव

जानकारी के अनुसार नगर परिषद सैलाना ने करीब तीन माह पूर्व बस स्टैंड के चौड़ीकरण का प्रस्ताव पारित किया था। योजना के तहत 15 दुकानों को हटाकर बस स्टैंड का विस्तार किया जाना था। परिषद का कहना है कि प्रभावित दुकानदारों को बाद में नई दुकानें लागत मूल्य पर पुनः आवंटित की जाएंगी।

बताया गया कि प्रभावित दुकानदारों में से लगभग आधे इस योजना से सहमत होकर अपनी दुकानें खाली कर नगर परिषद को सौंप चुके हैं। वहीं सात दुकानदारों ने मामले को न्यायालय में चुनौती दी थी। न्यायालय द्वारा दोनों पक्षों को सुनने के बाद निर्माण कार्य को अनुमति भी प्रदान कर दी गई, लेकिन जिला प्रशासन की रोक के चलते कार्य शुरू नहीं हो सका।

विकास कार्य रुकने से व्यापारियों में नाराजगी

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नगर की बढ़ती आबादी और यातायात के दबाव को देखते हुए वर्तमान बस स्टैंड की क्षमता अपर्याप्त साबित हो रही है। यदि समय रहते इसका विस्तार नहीं किया गया तो भविष्य में बस स्टैंड को बायपास क्षेत्र में स्थानांतरित करना पड़ सकता है, जिससे वर्तमान बस स्टैंड और आसपास के व्यापारियों के कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

व्यापारियों ने जताया समर्थन

बैठक को एडवोकेट अरविंद मुरेरा, श्याम धाकड़, कमलेश कसेरा, राजेन्द्र चंडालिया, पूरनमल परमार, जीवनलाल भोई, संजय तातेड़, रूपेश लोढ़ा और मोनू शर्मा सहित कई व्यापारियों ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने नगर परिषद के निर्णय को जनहित और नगर विकास के लिए आवश्यक बताते हुए प्रशासन से रोक हटाने की मांग की।

परिषद अध्यक्ष ने रखा पक्ष

नगर परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ला ने परिषद का पक्ष रखते हुए कहा कि चौड़ीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह नियमानुसार की गई है और परिषद की कार्रवाई में कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे ही प्रशासनिक रोक हटेगी, कार्य शुरू कर दिया जाएगा तथा प्रभावित दुकानदारों को नई दुकानें लागत मूल्य पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम का संचालन मंगलेश कसेरा ने किया। बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने एक स्वर में बस स्टैंड चौड़ीकरण कार्य को नगर के विकास के लिए जरूरी बताते हुए इसे शीघ्र शुरू कराने की मांग की।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.