रतलाम पुलिस का नशे के कारोबारियों पर शिकंजा : 55 ग्राम एमडी ड्रग्स से खुला बड़ा नेटवर्क : एक महिला सहित 06 आरोपी आए गिरफ्त में
मिली जानकारियों के आधार पर रतलाम शहर में सक्रिय नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक महिला आरोपी शामिल है।
रतलाम ( प्रकाशभारत न्यूज़) रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना रिंगनोद पुलिस ने एमडी ड्रग्स तस्करी के संगठित नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी से पूछताछ के आधार पर एक महिला सहित तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब तक इस मामले में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी के पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में की जा रही कार्रवाई के तहत 12 मई 2026 को थाना रिंगनोद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वकील कॉलोनी निवासी युनुस पिता सैय्यद हबीब (46) को 55 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने केवल ड्रग्स जब्ती तक सीमित न रहते हुए तस्करी की पूरी सप्लाई चेन को खंगाला। वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गहन पूछताछ में आमिर उर्फ अन्नू बाबा, आसिम और सुधीर कल्याणे के नाम सामने आए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मिली जानकारियों के आधार पर रतलाम शहर में सक्रिय नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक महिला आरोपी शामिल है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए “नेटवर्क आधारित कार्रवाई” की रणनीति अपनाई जा रही है। मुखबिर तंत्र, तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों की मदद से छोटे पैडलर्स से लेकर बड़े सप्लायर्स तक पहुंच बनाकर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में एसडीओपी जावरा ग्रामीण संदीप मालवीय, थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, चौकी प्रभारी ढोढर उप निरीक्षक रघुवीर जोशी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?



