कोटड़ी हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा : रिश्तों का कत्ल : मेड़ विवाद की रंजिश में चचेरे भाई की हत्या : पत्नी-पुत्र सहित चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार फरियादी मनोहरसिंह डांगी ने 20 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा भाई राजेन्द्रसिंह डांगी 19 जून को ट्रैक्टर लेकर खेत पर गया था, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह खेत पर उसका शव मिला
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जिले के ताल थाना क्षेत्र के ग्राम कोटड़ी में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। खेत की मेड़ को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद और सामाजिक रंजिश ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि परिवार के ही चार सदस्यों ने अपने रिश्तेदार राजेन्द्रसिंह डांगी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। हालांकि ताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना ताल पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की। साइबर सेल, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार फरियादी मनोहरसिंह डांगी ने 20 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा भाई राजेन्द्रसिंह डांगी 19 जून को ट्रैक्टर लेकर खेत पर गया था, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह खेत पर उसका शव मिला, जिसके सिर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के गंभीर निशान थे।
जांच के दौरान सामने आया कि खेत की सीमा (मेड़) को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसके अलावा परिवार को समाज से बाहर किए जाने की रंजिश भी थी। इसी दुश्मनी के चलते आरोपियों ने खेत पर अकेले मिले राजेन्द्रसिंह पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी।
गिरफ्तार आरोपी
उमरावसिंह डांगी (46) निवासी कोटड़ी खारवा
जितेन्द्र डांगी (22) निवासी कोटड़ी खारवा
जगदीश डांगी (42) निवासी कोटड़ी खारवा
भूलीबाई (42) निवासी कोटड़ी खारवा
चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर आगे की पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
मामले के त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी स्वराज डाबी एवं उनकी टीम, थाना आलोट के निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम एवं टीम, थाना बरखेड़ाकला के निरीक्षक पतिराम डावरे एवं टीम तथा साइबर सेल रतलाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
What's Your Reaction?



