कल्याण केदारेश्वर घाट पर तेल से भरे ट्रक में भीषण आग : 1500 डिब्बे जलकर खाक
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला सहित परिषद के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग किया।
सैलाना (प्रकाशभारत न्यूज़) गुजरात के अहमदाबाद से रतलाम आ रहा खाने के तेल से भरा एक ट्रक देर रात आग की चपेट में आ गया। हादसा रतलाम के सरवन मार्ग स्थित कल्याण केदारेश्वर घाट पर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच हुआ। शॉर्ट सर्किट के चलते लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे ट्रक में रखे करीब 1 हजार 500 तेल के डिब्बे जलकर नष्ट हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सैलाना और रतलाम से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एहतियातन सरवन मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया, ताकि कोई अन्य वाहन आग की चपेट में न आ सके। आग बुझने के बाद मार्ग को पुनः सुचारू कर दिया गया।
ट्रक चालक रशीद पिता कल्लुखा (निवासी टैंकर रोड, रतलाम) ने बताया कि वह अहमदाबाद से खाने का तेल लोड कर रतलाम के कृष्णा ट्रेडिंग के लिए आ रहा था। घाट पर अचानक ट्रक में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग डीजल टैंक तक पहुंच गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला सहित परिषद के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग किया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
What's Your Reaction?

