रतलाम में आंगनवाड़ी केंद्र में टीकाकरण के बाद 10 माह क़े मासूम की मौत : एक की हालत गंभीर : स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच
नयाखेड़ा निवासी धर्मेंद्र मालवीय के 10 माह के बेटे पियांशु को मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे आंगनवाड़ी में टीका लगाया गया था। परिजनों के अनुसार, टीकाकरण के लगभग डेढ़ घंटे बाद बच्चे को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जिले के बिलपांक क्षेत्र के नयाखेड़ा गांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में टीकाकरण के बाद 10 माह के एक मासूम की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
डेढ़ घंटे बाद बिगड़ी तबीयत
नयाखेड़ा निवासी धर्मेंद्र मालवीय के 10 माह के बेटे पियांशु को मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे आंगनवाड़ी में टीका लगाया गया था। परिजनों के अनुसार, टीकाकरण के लगभग डेढ़ घंटे बाद बच्चे को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। परिजन उसे तत्काल धराड़ स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे एमसीएच (मदर एंड चाइल्ड हेल्थ) अस्पताल रेफर किया गया। एमसीएच पहुंचते ही डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने लगाए आरोप
परिजनों का आरोप है कि टीकाकरण के बाद ही बच्चे की तबीयत बिगड़ी। मामले की शिकायत जिला अस्पताल चौकी और बिलपांक थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
दूसरा बच्चा ICU में उपचाराधीन
इसी आंगनवाड़ी केंद्र में टीका लगवाने वाले एक अन्य बच्चे को भी शाम करीब 4 बजे उल्टियां शुरू हो गईं। उसे पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से एमसीएच अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल बच्चे का इलाज एमसीएच के आईसीयू में जारी है।
चार बच्चों को लगे थे टीके
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. संध्या बेलसरे ने बताया कि नयाखेड़ा आंगनवाड़ी में कुल चार बच्चों को टीके लगाए गए थे। इनमें से दो बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई और वे स्वस्थ हैं।
जांच जारी
स्वास्थ्य विभाग और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
What's Your Reaction?

