रतलाम में रेलवे फाटक पर बड़ा हादसा : बंद गेट के बीच फंसी कार से टकराई ट्रेन : वाहन के उड़े परखच्चे

स्थिति को भांपते हुए चालक और उसका साथी कार से बाहर निकल आए। दोनों ने फाटक खुलवाने के लिए आवाज लगाई। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी गेट खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन फाटक नहीं खुल पाया। इसी बीच ट्रेन घटनास्थल के करीब पहुंच गई। बताया गया कि ट्रेन चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकने की कोशिश की।

Oct 16, 2026 - 08:51
Oct 16, 2026 - 08:56
 0
रतलाम में रेलवे फाटक पर बड़ा हादसा : बंद गेट के बीच फंसी कार से टकराई ट्रेन : वाहन के उड़े परखच्चे

रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़)  रतलाम-अजमेर रेल लाइन पर बंजली-सेजावता बायपास स्थित रेलवे फाटक पर गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। फाटक बंद होने के दौरान उसके बीच फंसी एक कार से यात्री ट्रेन टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार चालक और उसका साथी समय रहते वाहन से उतर गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रेन में सवार यात्रियों में भी हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की रात रतलाम शहर से करीब आठ किलोमीटर दूर रेलवे फाटक क्रमांक 192 पर एक कार गुजर रही थी। इसी दौरान रतलाम से जावरा की ओर जा रही ट्रेन संख्या 04748 वलसाड-खिड़की एक्सप्रेस के आने के कारण गेटमैन ने फाटक बंद करना शुरू कर दिया। कार चालक फाटक पार कर पाता, उससे पहले ही दोनों तरफ के गेट नीचे आ गए और कार बीच में फंस गई।

स्थिति को भांपते हुए चालक और उसका साथी कार से बाहर निकल आए। दोनों ने फाटक खुलवाने के लिए आवाज लगाई। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी गेट खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन फाटक नहीं खुल पाया। इसी बीच ट्रेन घटनास्थल के करीब पहुंच गई। बताया गया कि ट्रेन चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकने की कोशिश की। ट्रेन की रफ्तार कम हुई, लेकिन वह कार से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रेन कुछ दूरी पर जाकर रुकी।

मौके पर पहुंचे रेलवे और पुलिस के अधिकारी

हादसे की सूचना मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक अश्विन कुमार, रेलवे की रेस्क्यू टीम और कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। एएसपी राकेश पन्द्रो, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और आरपीएफ के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रेलवे ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

जेसीबी से हटाई गई क्षतिग्रस्त कार, एक घंटे बाधित रहा यातायात

ट्रेन और कार की टक्कर के बाद मौके पर मौजूद लोगों तथा ट्रेन यात्रियों में हड़कंप मच गया। रेलवे की टीम ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त कार को ट्रैक के पास से हटाया। इसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। हादसे के चलते करीब एक घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा।

डीआरएम बोले—दुर्घटना की जांच कराई जा रही है

मंडल रेल प्रबंधक अश्विन कुमार ने मीडियाकर्मियों से चर्चा में बताया कि रेलवे फाटक के गेट बंद हो रहे थे, उसी दौरान कार फाटक के बीच आकर फंस गई। इसी समय रतलाम की ओर से आ रही ट्रेन कार से टकरा गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच कराई जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.