भिक्षा मांगने के बहाने घर में घुसे, महिला को बेहोश किया और लूटी चेन : सीसीटीवी ने पहुंचाया आरोपियों तक : मोबाइल दुकान से दोनों धराए : लूटी चांदी की चेन बरामद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बाइक पर जाते हुए दो संदिग्ध नजर आए। पुलिस ने उनके हुलिए और बाइक के आधार पर तलाश शुरू की।

Oct 5, 2026 - 13:40
 0
भिक्षा मांगने के बहाने घर में घुसे, महिला को बेहोश किया और लूटी चेन : सीसीटीवी ने पहुंचाया आरोपियों तक : मोबाइल दुकान से दोनों धराए : लूटी चांदी की चेन बरामद

रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) सैलाना क्षेत्र में भिक्षा मांगने के बहाने घर में घुसे दो युवकों ने अकेली महिला को कथित रूप से नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उसके गले से चांदी की चेन लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाकर तेजी से आरोपियों की तलाश शुरू की। कुछ ही समय में दोनों संदिग्धों को दिलीप मार्ग स्थित एक मोबाइल दुकान से पकड़ लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई चांदी की चेन भी बरामद कर ली है। पकड़े गए आरोपियों में एक बालिग और दूसरा नाबालिग बताया जा रहा है।

घर पर अकेली थी महिला, तभी पहुंचे बाइक सवार

वारदात रविवार दोपहर करीब 12.30 बजे सैलाना से लगभग 4 किलोमीटर दूर ग्राम कोटड़ा में हुई। यहां बापूड़ी (25) पति राहुल डिंडोर अपने घर पर अकेली थी। इसी दौरान बाइक से फेरी करने वाले दो युवक वहां पहुंचे और भिक्षा मांगने की आवाज लगाई।

महिला बाहर आई तो दोनों ने भिक्षा में गेहूं देने की बात कही। बातचीत के दौरान आरोपियों ने कथित रूप से महिला को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इसके बाद महिला बेहोश होकर जमीन पर गिर गई।

महिला के बेहोश होते ही दोनों युवक उसके गले से चांदी की चेन खींचकर बाइक से फरार हो गए। कुछ देर बाद महिला को होश आया तो उसने आसपास रहने वाले परिवार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी गई।

सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध, पुलिस ने शुरू की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बाइक पर जाते हुए दो संदिग्ध नजर आए। पुलिस ने उनके हुलिए और बाइक के आधार पर तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों संदिग्ध दिलीप मार्ग स्थित एक मोबाइल दुकान पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश दी और दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

एक बालिग, दूसरा नाबालिग; चांदी की चेन बरामद

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में पहलवानसिंह और एक नाबालिग शामिल है। दोनों झाबुआ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से महिला से लूटी गई चांदी की चेन बरामद कर ली है।

फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने इससे पहले इसी तरह की कोई अन्य वारदात तो नहीं की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.