आलोट में मेला देखने गए युवक की संदिग्ध मौत : परिजनों ने थाने के बाहर शव रखकर किया चक्काजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खामरिया निवासी 21 वर्षीय कृष्णपाल सिंह पिता लक्ष्मण सिंह मंगलवार रात मेला देखने आलोट नगर आया था। देर रात करीब 10 बजे उसका शव आलोट बायपास स्थित पुलिया के नीचे संदिग्ध अवस्था में मिला।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) रतलाम जिले के आलोट नगर में 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मेला देखने गए युवक का शव बायपास स्थित पुलिया के नीचे मिलने से परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। हत्या का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने आलोट थाने के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खामरिया निवासी 21 वर्षीय कृष्णपाल सिंह पिता लक्ष्मण सिंह मंगलवार रात मेला देखने आलोट नगर आया था। देर रात करीब 10 बजे उसका शव आलोट बायपास स्थित पुलिया के नीचे संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा युवक को तत्काल आलोट शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन आलोट थाने पहुंच गए तथा हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने थाने के बाहर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से चर्चा की। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
What's Your Reaction?





