रतलाम औद्योगिक क्षेत्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई : कंटेनर से 25 लाख से अधिक की अवैध बियर जब्त : आरोपी गिरफ्तार
देर रात संदिग्ध कंटेनर ट्रक क्रमांक RJ-14-GL-7177 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में रखी 431 पेटियों में कुल 5172 बल्क लीटर अवैध बियर बरामद हुई।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब (बियर) जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मशरुका की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹25.68 लाख बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं उप पुलिस अधीक्षक महिला सेल अजय सारवान के मार्गदर्शन में थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रतलाम बायपास फोरलेन रोड स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर के पास सेजावता क्षेत्र में घेराबंदी की।
देर रात संदिग्ध कंटेनर ट्रक क्रमांक RJ-14-GL-7177 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में रखी 431 पेटियों में कुल 5172 बल्क लीटर अवैध बियर बरामद हुई। मौके से वाहन चालक भोमाराम पिता जेठाराम जाट (32 वर्ष), निवासी ग्राम मांडपुरा पुराना गांव, थाना बायतु जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध शराब एवं कंटेनर ट्रक जब्त कर थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम में अपराध क्रमांक 479/2026 धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जब्त सामग्री
431 पेटियों में 5172 बल्क लीटर अवैध बियर
अनुमानित कीमत: ₹10,68,096/-
कुल जब्त मशरुका: लगभग ₹25,68,096/-
कार्रवाई में रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अशोक दीक्षित, सउनि. दिलीप खाती, सउनि. हंसराज पटीगर, आरक्षक अर्जुनसिंह खिंची, नरेन्द्र सिंह पावरा, राजेश प्रजापति, दुर्गालाल गुजराती, महेन्द्रसिंह एवं विजय मालवीय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?





