राज्यवार वैकेंसी और राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा , यह कैसा न्याय : अवसरों की समानता ही राष्ट्र निर्माण का आधार है

सकलेचा ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14, 19 और 21 समानता, स्वतंत्रता और गरिमापूर्ण जीवन के अधिकार की बुनियाद हैं। संविधान की मूल भावना किसी भी नागरिक के साथ भाषा, जाति अथवा क्षेत्र के आधार पर भेदभाव की अनुमति नहीं देती।

Nov 26, 2026 - 17:03
 0
राज्यवार वैकेंसी और राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा , यह कैसा न्याय : अवसरों की समानता ही राष्ट्र निर्माण का आधार है

रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) बैंक, बीमा, एसएससी और रेलवे की चयन परीक्षाओं में राज्यवार रिक्तियों और राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के मौजूदा स्वरूप पर युवाम के संस्थापक एवं संचालक पारस सकलेचा ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब भर्तियों में रिक्तियां राज्य अथवा जोन के आधार पर निर्धारित की जाती हैं, तो चयन प्रक्रिया में भी संबंधित राज्य के मूल निवासियों को प्राथमिक अवसर मिलना चाहिए। अन्यथा रिक्तियों का निर्धारण भी राष्ट्रीय स्तर पर होना चाहिए। राज्यवार वैकेंसी और देशव्यापी प्रतिस्पर्धा का यह असंतुलन प्रतिभाओं के साथ अन्याय है।

वे युवाम सभागृह में आयोजित संविधान दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। सकलेचा ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14, 19 और 21 समानता, स्वतंत्रता और गरिमापूर्ण जीवन के अधिकार की बुनियाद हैं। संविधान की मूल भावना किसी भी नागरिक के साथ भाषा, जाति अथवा क्षेत्र के आधार पर भेदभाव की अनुमति नहीं देती। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर की भर्ती में राज्यवार रिक्तियों और देशभर के अभ्यर्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा के औचित्य पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

उन्होंने हाल ही में घोषित स्टेट बैंक की लिपिकीय भर्ती परीक्षा के परिणाम का उदाहरण देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में कटऑफ 92.5 प्रतिशत तक पहुंचना और तमिलनाडु में मात्र 17.25 प्रतिशत रहना चयन प्रक्रिया में क्षेत्रीय असमानता को उजागर करता है। यह केवल अंकों का अंतर नहीं, बल्कि अवसरों की समानता और प्रतिभा के उचित मूल्यांकन से जुड़ा गंभीर विषय है।

सकलेचा ने कहा कि ऐसी व्यवस्था के कारण प्रतिभाएं अपने ही प्रदेश में अवसरों से वंचित हो सकती हैं। इससे प्रतिभा पलायन (ब्रेन ड्रेन) को बढ़ावा मिलेगा और राष्ट्र निर्माण की भावना भी कमजोर होगी। देश में ऐसी चयन व्यवस्था होनी चाहिए, जिसमें प्रतिभा का सम्मान हो, सभी को समान अवसर मिलें और प्रत्येक युवा अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ सके।

संविधान दिवस के अवसर पर सकलेचा ने युवाम के विद्यार्थियों को शपथ दिलाई कि वे जीवनपर्यंत संविधान द्वारा निर्धारित मार्ग पर चलेंगे तथा संविधान को सशक्त बनाने के लिए समर्पण भाव से कार्य करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी ऊर्जा, श्रम और प्रतिभा का उपयोग ऐसे राष्ट्र के निर्माण में करने का आह्वान किया, जहां कोई गरीब, शोषित अथवा पीड़ित न हो।

कार्यक्रम में संविधान पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन शिवम राठौड़ ने किया तथा आभार जितेंद्र राठौड़ ने व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.