पंजाब जाते समय रोहतक में भीषण सड़क हादसा : रतलाम के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत : पति-पत्नी और 22 वर्षीय बेटे की गई जान
जानकारी के अनुसार, इंद्रानगर निवासी करमजीत गुरुवार शाम अपनी पत्नी और बड़े बेटे के साथ कार से पंजाब स्थित अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हुए थे। कार खुद करमजीत चला रहे थे। इसी दौरान हरियाणा के रोहतक जिले के घिलौड़ गांव के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) पंजाब में अपने पैतृक गांव जाने के लिए निकले रतलाम के एक परिवार पर रास्ते में ऐसा कहर टूटा कि परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ जान चली गई। हरियाणा के रोहतक जिले के घिलौड़ गांव के पास हुए सड़क हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके 22 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। तीनों रतलाम के इंद्रानगर क्षेत्र के निवासी थे। हादसे की खबर से शहर में रहने वाले उनके परिचितों और रिश्तेदारों में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, इंद्रानगर निवासी करमजीत गुरुवार शाम अपनी पत्नी और बड़े बेटे के साथ कार से पंजाब स्थित अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हुए थे। कार खुद करमजीत चला रहे थे। इसी दौरान हरियाणा के रोहतक जिले के घिलौड़ गांव के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में तीनों की जान चली गई।
छोटे बेटे को दादा-दादी के पास छोड़ा था
परिवार का छोटा बेटा रतलाम में ही अपने दादा-दादी के पास था। बताया जा रहा है कि करमजीत के माता-पिता को फिलहाल हादसे की जानकारी नहीं दी गई है। परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर मिलने के बाद रतलाम से अन्य परिजन रोहतक के लिए रवाना हो गए हैं।
पोस्टमॉर्टम रूम में रखे हैं शव
हादसे के बाद तीनों के शव रोहतक के अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में रखे गए हैं। परिजन वहां पहुंचने के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके पहुंचने और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?







