3 दिसंबर को उठनी थी डोली : उससे पहले प्रेम विवाह से टूटा परिवार : परिवार ने जीते जी बेटी का कर दिया अंतिम संस्कार : फोटो पर माला चढ़ाई, समाज को कराया मृत्युभोज

हैरान कर देने वाला यह मामला जावरा के कुम्हारीपुरा क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार परिवार ने अपनी 23 वर्षीय बेटी की शादी 3 दिसंबर को तय की थी। विवाह की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। शादी के कार्ड भी छपकर रिश्तेदारों और परिचितों में बांटे जा चुके थे। परिवार बेटी की शादी की खुशियों में जुटा था, लेकिन इसी बीच युवती ने रिंगनोद निवासी एक युवक के साथ उज्जैन जाकर प्रेम विवाह कर लिया।

Nov 23, 2026 - 19:40
Nov 23, 2026 - 19:42
 0
3 दिसंबर को उठनी थी डोली : उससे पहले प्रेम विवाह से टूटा परिवार : परिवार ने जीते जी बेटी का कर दिया अंतिम संस्कार : फोटो पर माला चढ़ाई, समाज को कराया मृत्युभोज

रतलाम/जावरा ( प्रकाशभारत न्यूज़) बेटी की शादी की तैयारियां थीं, घर में खुशियों का माहौल था, पिता के घर से बेटी की डोली उठनी थी, लेकिन प्रेम विवाह के फैसले ने परिवार में ऐसा तूफान खड़ा किया कि परिजनों ने जीते-जी बेटी को मृत मान लिया। उसकी तस्वीर पर माला चढ़ाई, धूप लगाई, भोग लगाया और बाकायदा गोरनी का आयोजन कर समाज को मृत्युभोज भी करा दिया। इतना ही नहीं, स्टांप पेपर पर दस्तावेज तैयार करवाकर बेटी से सभी रिश्ते-नाते खत्म करने की घोषणा भी कर दी।

हैरान कर देने वाला यह मामला जावरा के कुम्हारीपुरा क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार परिवार ने अपनी 23 वर्षीय बेटी की शादी 3 दिसंबर को तय की थी। विवाह की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। शादी के कार्ड भी छपकर रिश्तेदारों और परिचितों में बांटे जा चुके थे। परिवार बेटी की शादी की खुशियों में जुटा था, लेकिन इसी बीच युवती ने रिंगनोद निवासी एक युवक के साथ उज्जैन जाकर प्रेम विवाह कर लिया।

बताया जा रहा है कि विवाह करने के बाद युवती ने अपने ससुराल पक्ष को फोन लगाकर शादी की जानकारी दी। इसके बाद यह खबर युवती के पिता तक पहुंची। बेटी के इस फैसले से पिता और परिवार के अन्य सदस्य बेहद आहत हो गए। जिस शादी की तैयारियों में परिवार जुटा था, उसी शादी से पहले बेटी के प्रेम विवाह की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया।

बेटी की तस्वीर पर चढ़ाई माला, समाज को कराया मृत्युभोज

बेटी के प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने उसे अपने लिए मृत मानते हुए गोरनी का कार्यक्रम आयोजित कर दिया। कार्यक्रम में बेटी की तस्वीर रखी गई और उस पर बाकायदा माला चढ़ाई गई। धूप लगाई गई, भोग लगाया गया और शोक कार्यक्रम की सभी रस्में निभाई गईं। इतना ही नहीं, कार्यक्रम में पहुंचे समाज के लोगों और अन्य आगंतुकों को मृत्युभोज भी कराया गया। परिवार ने स्टांप पेपर पर दस्तावेज तैयार करवाकर बेटी से अपने सभी रिश्ते-नाते समाप्त करने की बात भी दर्ज कराई।

परंपरा और पसंद के बीच फिर छिड़ी बहस

जावरा की इस घटना की आसपास के क्षेत्रों में खासी चर्चा हो रही है। इससे पहले मंदसौर और जबलपुर में भी प्रेम विवाह से नाराज परिजनों द्वारा अपनी जीवित बेटियों का पिंडदान किए जाने के मामले सामने आ चुके हैं। जावरा की यह घटना एक बार फिर समाज के सामने कई सवाल खड़े कर रही है। एक ओर युवा पीढ़ी अपने जीवनसाथी के चयन में अपनी पसंद और फैसले को प्राथमिकता दे रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ परिवारों के लिए सामाजिक प्रतिष्ठा, परंपराएं और पारिवारिक अपेक्षाएं बेहद अहम बनी हुई हैं।

बेटी के प्रेम विवाह के फैसले और परिवार की इस प्रतिक्रिया ने एक बार फिर व्यक्तिगत स्वतंत्रता, पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक सोच के बीच टकराव को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.