ड्राइवर ही निकला 8.15 लाख की लूट का मास्टरमाइंड : दो साथियों के साथ मिलकर रची थी साजिश : CCTV से खुला राज : 10 दिन में पुलिस ने किया खुलासा
चौंकाने वाली बात यह रही कि लूट की साजिश में फरियादी का अपना ही ड्राइवर शामिल निकला। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम में से 6 लाख 21 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया है
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) महू-नीमच रोड पर महिंद्रा शोरूम के सामने हुई 8.15 लाख रुपये की लूट की वारदात का स्टेशन रोड पुलिस ने महज 10 दिनों में खुलासा कर दिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि लूट की साजिश में फरियादी का अपना ही ड्राइवर शामिल निकला। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम में से 6 लाख 21 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, इंदौर निवासी हर्षित चंदाना (34) कन्फेक्शनरी उत्पादों की मार्केटिंग और कलेक्शन का काम करते हैं। 19 नवंबर को वे अपने ड्राइवर गजानंद उर्फ गोलू भिड़े के साथ कार से इंदौर से रतलाम, मंदसौर और नीमच के लिए निकले थे। मंदसौर और नीमच से व्यापारियों के यहां से कुल 8 लाख 15 हजार 510 रुपये का कलेक्शन करने के बाद दोनों रतलाम होते हुए इंदौर लौट रहे थे।
इसी दौरान महू-नीमच रोड पर महिंद्रा शोरूम के सामने मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। फरियादी की शिकायत पर स्टेशन रोड थाने में अपराध क्रमांक 908/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(6) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
400 से 500 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
लूट की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पंद्रो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर 150 से 200 किलोमीटर के दायरे तक करीब 400 से 500 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साइबर सेल की मदद से घटनास्थल का PSTN डेटा भी जुटाया गया।
ड्राइवर की भूमिका ने खोला लूट का राज
जांच के दौरान पुलिस को फरियादी के ड्राइवर गजानंद उर्फ गोलू भिड़े की भूमिका संदिग्ध लगी। पूछताछ में उसके जवाब संतोषजनक नहीं मिले। पुलिस ने उसकी गतिविधियों और संपर्कों पर नजर रखी तो पता चला कि वह अपने साथी चेतन मंडलोई और राजकुमार रायकवार के लगातार संपर्क में था।
पुलिस टीम ने इंदौर के राजेंद्र नगर क्षेत्र में दबिश देकर चेतन मंडलोई और राजकुमार रायकवार को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने गजानंद के साथ मिलकर लूट की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने ड्राइवर गजानंद को भी गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, 6.21 लाख रुपये बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेतन पिता कमल मंडलोई (26), निवासी द्वारकापुरी इंदौर, राजकुमार पिता जीवनलाल रायकवार (37), निवासी राजेंद्र नगर इंदौर और गजानंद उर्फ गोलू पिता विष्णु भिड़े (33), निवासी रंगवासा राऊ, जिला इंदौर के रूप में की है।
आरोपियों के कब्जे से 6 लाख 21 हजार रुपये नकद, काले रंग का बैग, कलेक्शन से संबंधित दस्तावेज और डायरी बरामद की गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल लाल-काले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक MP-09-AJ-8246 भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम सहित निरीक्षक अय्यूब खान, निरीक्षक जितेन्द्रसिंह जादौन, उपनिरीक्षक दीपक यादव, उपनिरीक्षक गुलाबसिंह सहित स्टेशन रोड थाना, साइबर सेल, सीसीआर टीम और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?

