रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा : पुलिया के नीचे गिरी कार : युवक की मौत : पत्नी और दो बच्चे घायल
जानकारी के अनुसार सरवन निवासी गोपाल टांक (35) पिता रमेशचंद्र टांक अपनी पत्नी ललिता टांक (33) तथा बच्चों कृष (7) और मोक्षित (4) के साथ किसी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने रतलाम आए थे।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा माही ढाबे के समीप पुलिया वाले मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरी।
जानकारी के अनुसार सरवन निवासी गोपाल टांक (35) पिता रमेशचंद्र टांक अपनी पत्नी ललिता टांक (33) तथा बच्चों कृष (7) और मोक्षित (4) के साथ किसी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने रतलाम आए थे। रविवार रात करीब 9:30 बजे परिवार कार से वापस सरवन लौट रहा था। इसी दौरान माही ढाबे के पास मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे पुलिया के नीचे जा गिरी।
हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों व राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। पीछे से आ रहे परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने गोपाल टांक को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी और दोनों बच्चों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?





