रतलाम में डॉक्टर्स डे पर रक्तदान का महाअभियान : स्वर्गीय अश्विनी शर्मा की स्मृति में 106 यूनिट रक्त संग्रहित : चिकित्सा सेवा सबसे आदर्श और मानवीय पेशा - कलेक्टर
मेगा ब्लड डोनेट कैंप को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने कहा कि चिकित्सा व्यवसाय केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे आदर्श और पवित्र माध्यम है। चिकित्सक अपने अध्ययन की शुरुआत ही मानव सेवा के संकल्प के साथ करते हैं और जीवनभर इसी भावना से समाज की सेवा करते हैं।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) के अवसर पर स्वर्गीय अश्विनी शर्मा की स्मृति में रतलाम जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर में 106 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह ने सबसे पहले रक्तदान कर किया और समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
मेगा ब्लड डोनेट कैंप को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने कहा कि चिकित्सा व्यवसाय केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे आदर्श और पवित्र माध्यम है। चिकित्सक अपने अध्ययन की शुरुआत ही मानव सेवा के संकल्प के साथ करते हैं और जीवनभर इसी भावना से समाज की सेवा करते हैं।
उन्होंने कहा कि गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं सहित जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए विकासखंड और ग्राम स्तर पर भी नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएं। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान इच्छुक नागरिक स्वेच्छा से रक्तदान कर सकेंगे। इसके लिए ब्लड डोनेशन वाहन कलेक्ट्रेट परिसर में उपलब्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे सरल और महान माध्यम है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। कैंप के दौरान कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय सहित समस्त अतिथियों ने पर्यावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण भी किया।
मेगा ब्लड डोनेट कैंप में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय ने स्वर्गीय अश्विनी शर्मा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवनकाल में 100 से अधिक बार रक्तदान कर समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर्स डे पर रक्तदान करना स्व. अश्विनी शर्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने बताया कि रतलाम जिले में रतलाम विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष गोविंद काकानी सहित कई रक्तवीर 100 से अधिक बार तथा अनेक लोग 50 से अधिक बार रक्तदान कर चुके हैं, जो जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
स्व. अश्विनी शर्मा
स्वागत भाषण में मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. भरत निनामा ने बताया कि 1 जुलाई को महान चिकित्सक एवं पश्चिम बंगाल के द्वितीय मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की स्मृति में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया जाता है। उनका जन्म 1 जुलाई 1882 तथा निधन 1 जुलाई 1962 को हुआ था। उन्होंने कहा कि यह दिवस चिकित्सकों के समर्पण, सेवा और समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मान देने का अवसर है। कार्यक्रम
रक्तदान शिविर के दौरान महिला चिकित्सक डॉ. हेतल परमार, नर्सिंग ऑफिसर जीनत स्टीफन तथा डॉ. सपना बोरीवाल सहित लोकपाल देवड़ा और उनकी पत्नी हेमलता कुंवर को रक्तदान करने पर प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष रावल, रतलाम जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन प्रीतेश गादिया, भाजपा जिला मंत्री अनुज शर्मा, हेमंत मूणत, सुशील मूणत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडीवा, सिविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह, आरएमओ डॉ. अभिषेक अरोड़ा, अस्पताल प्रबंधक डॉ. शिवम श्रीवास्तव, डॉ. चेतन खंडेलवाल सहित मध्य प्रदेश मेडिकल एवं सेल्स रिप्रजेंटेटिव यूनियन रतलाम के जिला उपाध्यक्ष अविनाश पोरवाल, दीपक पांचाल, चिंटू कुमार, रशीद खान, मनीष दीक्षित, अमित नागर, सचिन तिवारी,वरुण सोलंकी आदि बड़ी संख्या में रक्तदाता मौजूद थे। मेगा ब्लड डोनेट कैंप कार्यक्रम का संचालन और आभार मध्य प्रदेश मेडिकल एवं सेल्स रिप्रजेंटेटिव यूनियन रतलाम के सचिव निखिल मिश्रा ने माना।
What's Your Reaction?



