रेनमऊ फंटे पर सर्राफा व्यापारी से लुटे 5 किलो सोने के आभूषण : जांच में नया मोड़ : घटना के बाद व्यापारी ने दोस्त को सौपा था 300 ग्राम सोना : व्यापारी से जुड़े कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच रेनमऊ फंटे के पास बस रुकवाकर आरोपियों ने व्यापारी के पास रखा बैग कथित तौर पर छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) बिलपांक थाना क्षेत्र के रेनमऊ फंटे पर बस में सर्राफा व्यापारी से हुई कथित लूट के मामले में पुलिस जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। पुलिस ने व्यापारी के एक दोस्त के पास से करीब 300 ग्राम सोना बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, व्यापारी ने घटना के बाद अपने दोस्त को बुलाकर यह सोना सौंपा था, लेकिन इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी गई थी।
जानकारी के मुताबिक जैन कॉलोनी निवासी सर्राफा व्यवसायी अर्पित चौरड़िया गुरुवार रात बड़नगर से बस के जरिए रतलाम लौट रहे थे। व्यापारी के अनुसार, रास्ते में पांच संदिग्ध व्यक्ति बस में सवार हुए। रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच रेनमऊ फंटे के पास बस रुकवाकर आरोपियों ने व्यापारी के पास रखा बैग कथित तौर पर छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
शुरुआती जानकारी में व्यापारी के बैग में करीब 5 किलो सोने के आभूषण होने की बात सामने आई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
बड़नगर तक पहुंची पुलिस की जांच
पुलिस ने व्यापारी से पूछताछ के साथ उसके व्यापारिक लेनदेन की भी जानकारी जुटाई। पुलिस टीम व्यापारी को लेकर बड़नगर पहुंची और उन व्यापारियों से भी पूछताछ की, जिनसे उसने लेनदेन किया था। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि व्यापारी बड़नगर से रतलाम के लिए वास्तव में कितनी मात्रा में सोना लेकर निकला था।
दोस्त को सौंपे गए सोने की जानकारी से जांच में नया मोड़
पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद व्यापारी ने धराड़ चौकी के पास अपने एक दोस्त को बुलाया और करीब 300 ग्राम सोना उसे दे दिया। इस लेनदेन की जानकारी पुलिस को बाद में मुखबिर के जरिए मिली।
इसके बाद पुलिस ने व्यापारी के दोस्त को थाने बुलाकर पूछताछ की और उसके पास से करीब 300 ग्राम सोना बरामद कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि व्यापारी ने घटना के बाद सोना दोस्त को क्यों सौंपा और इसकी जानकारी पुलिस से क्यों छिपाई।
सीसीटीवी और बस में सवार संदिग्धों की तलाश
पुलिस रेनमऊ फंटे सहित आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही बस में सवार पांच संदिग्धों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्तों की भी जांच की जा रही है।
सोना बरामद होने के बाद पुलिस अब लूट की घटना, व्यापारी के पास मौजूद सोने की वास्तविक मात्रा और घटना के बाद हुए लेनदेन को जोड़कर पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?



