सैलाना नगर परिषद के विशेष सम्मेलन में कई विकास कार्यों को मिली मंजूरी : हनुमान सागर तालाब सौंदर्यीकरण की उच्च स्तरीय जांच का प्रस्ताव पारित
परिषद ने हनुमान सागर तालाब सौंदर्यीकरण निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किया।
सैलाना (प्रकाशभारत न्यूज़) नगर परिषद सैलाना का विशेष सम्मेलन रविवार को नगर परिषद सभाकक्ष में आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने की। बैठक में नगर विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण कार्यों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक की शुरुआत में नव मनोनीत एल्डरमेन नाथूलाल राठौड़, सपना खराड़ी, वर्दीचंद पाटीदार एवं रवि कुमार शर्मा का परिषद द्वारा पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया गया।
सम्मेलन में 8 पेंशन प्रकरणों को स्वीकृति दी गई। वहीं 26 नामांतरण एवं 3 दुकान नामांतरण प्रकरणों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई। परिषद ने हनुमान सागर तालाब सौंदर्यीकरण निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किया।
बैठक में विभिन्न वार्डों में सीसी रोड निर्माण कार्यों के लिए जारी ऑनलाइन निविदाओं में प्राप्त न्यूनतम दरों के आधार पर वित्तीय स्वीकृति दी गई। स्वीकृत कार्यों में वार्ड क्रमांक 1, 6, 7, 11, 12, 14 एवं 15 में विभिन्न गलियों और मार्गों पर सीसी रोड निर्माण शामिल है। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 10 स्थित कालिका माता मंदिर परिसर में पार्क निर्माण कार्य को भी मंजूरी दी गई।
परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने कहा कि सभी स्वीकृत विकास कार्य नगरहित में महत्वपूर्ण हैं और इन्हें निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाएगा।
सम्मेलन में पार्षद मीरा राजेश पाटीदार, कुलदीप कुमावत, मुकेश पाटीदार, राधा बद्रीलाल पाटीदार, चंदा दिनेश पारगी, कृष्णा रामप्रसाद चंदेल, विशाल धबाई, हेमलता विशाल धबाई एवं मंगलेश कसेरा उपस्थित रहे। बैठक का संचालन मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोज शर्मा ने किया।
What's Your Reaction?





