नन्हे कान्हा और राधा की मनमोहक प्रस्तुतियों से सजा गुरु रामदास पब्लिक स्कूल का जन्माष्टमी उत्सव : मटकी फोड़ कार्यक्रम ने बढ़ाया जन्माष्टमी उत्सव का उल्लास
बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और उनकी विभिन्न लीलाओं का सुंदर एवं सजीव चित्रण किया।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) गुरु रामदास पब्लिक स्कूल, इंदिरा नगर, रतलाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बुधवार को श्रद्धा, हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के स्वरूपों के दर्शन के साथ हुई। नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के नन्हे बच्चे बाल गोपाल और राधा रानी की आकर्षक वेशभूषा में सजे-धजे बेहद मनमोहक लग रहे थे। बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और उनकी विभिन्न लीलाओं का सुंदर एवं सजीव चित्रण किया।
उत्सव का मुख्य आकर्षण नन्हे बच्चों द्वारा प्रस्तुत मटकी फोड़ कार्यक्रम रहा। बच्चों का उत्साह, ऊर्जा और जोश देखकर उपस्थित अभिभावक एवं दर्शक आनंदित हो उठे। पूरे विद्यालय परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय समिति के सम्मानित सदस्य, प्राचार्य तथा समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने बच्चों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
What's Your Reaction?



