सैलाना में किसानों का सैलाब : खाद–बिजली संकट पर कांग्रेस का उग्र आंदोलन : हर्षविजय गेहलोत के नेतृत्व में हजारों किसानों ने एसडीएम कार्यालय घेरा

Dec 22, 2025 - 22:23
 0
सैलाना में किसानों का सैलाब : खाद–बिजली संकट पर कांग्रेस का उग्र आंदोलन : हर्षविजय गेहलोत के नेतृत्व में हजारों किसानों ने एसडीएम कार्यालय घेरा

सैलाना (प्रकाशभारत न्यूज़) खाद और बिजली की गंभीर समस्या को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने सैलाना में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। विधानसभा क्षेत्र के हजारों किसानों ने प्रदर्शन में शामिल होकर प्रशासन के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त की। यह विरोध प्रदर्शन जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत की अगुवाई में आयोजित किया गया।

प्रदर्शन से पहले ही पुलिस-प्रशासन ने फांसी के फंदे पर लटके किसान और मुख्यमंत्री के पुतलों को रैली मार्ग से हटवा दिया। इसके बावजूद किसानों का आक्रोश कम नहीं हुआ। दिलीप मार्ग स्थित खांकी हनुमान मंदिर से शुरू हुई रैली मुख्य मार्गों से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। किसानों की भारी भीड़ के चलते अनुविभागीय कार्यालय परिसर छोटा पड़ता नजर आया।

धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने कहा कि प्रशासन किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस का यह प्रदर्शन केवल प्रशासन को सचेत करने के लिए है, यदि शीघ्र ही खाद और बिजली की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जिलेभर में और बड़े आंदोलन किए जाएंगे। धरने को डीपी धाकड़, वीरेंद्र सोलंकी, यूसूफ कड़पा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।

धरना समाप्ति के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन एसडीएम तरुण जैन को सौंपा। ज्ञापन में सरवन सहित अन्य स्थानों पर अतिरिक्त नगद खाद वितरण केंद्र खोलने की मांग की गई। इस पर एसडीएम ने वरिष्ठ कार्यालय के माध्यम से मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया।

ज्ञापन में बताया गया कि सैलाना विधानसभा क्षेत्र में रिकॉर्ड 85 इंच वर्षा होने से अतिवृष्टि के कारण खरीफ फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है। वहीं वर्तमान में खाद और बिजली की कमी के चलते रबी फसल भी चौपट होने की कगार पर है। ऐसे हालात में किसानों को समुचित खाद और बिजली उपलब्ध नहीं कराई गई तो वे पूरी तरह बर्बादी की ओर चले जाएंगे।

प्रदर्शन के दौरान सैलाना ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश डिंडोर, रावटी ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र गरवाल, सरवन ब्लॉक अध्यक्ष छगन भगोरा, बाजना ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश डामर, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला, पूर्व कृषि मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत, श्रीराम चौधरी, युवा कांग्रेस नेता हनी गेहलोत, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह राठौड़, पार्षद मंगलेश कसेरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.