बुजुर्ग महिला को झांसा देकर ले उड़े थे मंगलसूत्र और पाटली : CCTV फुटेज से खुला ठगी का राज : पुलिस ने आरोपी को उत्तरप्रदेश से किया गिरफ्तार
कुछ दूरी पर आरोपियों ने महिला को सुरक्षित छोड़ने और बैग संभालने का झांसा देकर उनका बैग ले लिया और फरार हो गए। बैग में सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और दो हजार रुपये नकद रखे थे।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) थाना स्टेशन रोड पुलिस ने बुजुर्ग महिला को झांसा देकर सोने के आभूषण ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उत्तरप्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ठगी के आभूषण खरीदकर गलाने वाले सुनार को भी गिरफ्तार कर करीब 3.10 लाख रुपये कीमत का गला हुआ सोना बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 7 जून 2026 को 72 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका मोहिनी रायचंदानी, निवासी मित्र निवास कॉलोनी, गुरुद्वारा जाने के लिए घर से निकली थीं। शक्ति मेडिकल वाली गली में दो युवकों ने उन्हें यह कहकर बातचीत में उलझाया कि सोने के आभूषण पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है। आरोपियों की बातों में आकर महिला ने अपने हाथ की सोने की पाटली और मंगलसूत्र उतारकर बैग में रख लिया।
कुछ दूरी पर आरोपियों ने महिला को सुरक्षित छोड़ने और बैग संभालने का झांसा देकर उनका बैग ले लिया और फरार हो गए। बैग में सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और दो हजार रुपये नकद रखे थे। मामले में थाना स्टेशन रोड पर अपराध क्रमांक 445/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान युसुफ उर्फ मोटा निवासी मेरठ (उत्तरप्रदेश) और नोशाद शाह निवासी ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने 29 जून को उत्तरप्रदेश के श्रावस्ती जिले से युसुफ उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी नोशाद शाह के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किए गए सोने के आभूषण अमरोहा जिले के एक सुनार को बेच दिए थे।
पुलिस ने जांच के बाद सुनार दिवाकर वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने ठगी के आभूषणों को गलाकर सोना तैयार कर लिया था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 3.10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों में युसुफ उर्फ मोटा पिता शेर अली, निवासी मेरठ और दिवाकर वर्मा पिता लायक राम वर्मा, निवासी अमरोहा को न्यायालय में पेश किया है, जबकि गिरोह का तीसरा सदस्य नोशाद शाह अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्रसिंह जादौन, एएसआई प्रकाश डावर, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र बघेल, आरक्षक लोकेन्द्र सोनी, अनिल सोलंकी एवं जितेन्द्र चौधरी की सराहनीय भूमिका रही।
What's Your Reaction?



