रतलाम में 40 लाख की लूट का 24 घंटे में खुलासा : कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड : ब्लिंकिट की ड्रेस पहन वारदात को दिया अंजाम : पूरी रकम बरामद : एक आरोपी गिरफ्तार, दो अब भी फरार
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जैसे ही 40 लाख रुपये फरदीन के पास पहुंचे, उसने अपने साथियों को व्हाट्सएप पर केवल "OK" लिखकर मैसेज भेजा। यही वारदात को अंजाम देने का तयशुदा संकेत था।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) थाना स्टेशन रोड क्षेत्र में 40 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि लूट की पूरी साजिश फरियादी के ही कर्मचारी ने अपने भाई और साथी के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर लूटी गई 40 लाख रुपये की पूरी नकदी बरामद कर ली है। वहीं वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 30 जून को शहर सराय निवासी मनीष पटवा ने थाना स्टेशन रोड में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि शराब व्यवसायी गौरव शर्मा की विभिन्न शराब दुकानों से एकत्र करीब 40 लाख रुपये की नकदी कार्यालय लाई गई थी। नकदी की गिनती के बाद कर्मचारी फरदीन उसे काले बैग में लेकर घर की ऊपरी मंजिल पर जा रहा था। इसी दौरान ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय की वर्दी पहने और चेहरे पर कपड़ा बांधे एक युवक ने उसे जान से मारने की धमकी देकर नकदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में थाना स्टेशन रोड पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्ध गतिविधियों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान कर्मचारी फरदीन की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने भाई फैज और साथी असबाब के साथ मिलकर पूरी वारदात की साजिश रचने की बात स्वीकार कर ली।
WhatsApp पर 'OK' मैसेज बना लूट का संकेत
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जैसे ही 40 लाख रुपये फरदीन के पास पहुंचे, उसने अपने साथियों को व्हाट्सएप पर केवल "OK" लिखकर मैसेज भेजा। यही वारदात को अंजाम देने का तयशुदा संकेत था। इसके बाद दोनों आरोपी ब्लिंकिट की डिलीवरी बॉय की वर्दी पहनकर स्कूटी से मौके पर पहुंचे और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी असबाब पहले ब्लिंकिट में कार्य कर चुका था, इसलिए पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से उसी कंपनी की ड्रेस का इस्तेमाल किया गया।
पूरी रकम बरामद, फरार आरोपियों की तलाश तेज
मुख्य आरोपी फरदीन की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर और आरोपी असबाब के घर के स्टोर रूम से लूटी गई 40 लाख रुपये की पूरी नकदी बरामद कर ली है। फरदीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका भाई फैज और साथी असबाब की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस दोनों फरार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
सराहनीय भूमिका- निरीक्षक जितेन्द्रपाल सिंह जादौन (थाना प्रभारी स्टेशन रोड), उप निरीक्षक जितेन्द्र सिंह कनेश, उप निरीक्षक मुकेश सस्तिया, उप निरीक्षक विजय बामनिया, उप निरीक्षक शिवेंद्र कुमार, उप निरीक्षक (रे.) नवलसिंह मिनावा, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक अभिषेक पाठक, प्रधान आरक्षक निलेश पाठक, प्र आर शान्तीलाल डिण्डोर, आरक्षक लाखन सिंह, आरक्षक रितेश यादव, आरक्षक निर्मल कटारा (सीएसपी कार्यालय), प्र. आर हेमंत पंवार तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, आरक्षक विपुल भावसार, आरक्षक राहुल पाटीदार, आर तुषार सिसोदीया, आर पारस चावला, आर देवेन्द्र डोडिया की सराहनीय भूमिका रही।
What's Your Reaction?



