1200 ग्राम सोना लेकर कारीगर के लापता होने की चर्चा : सराफा बाजार में मचा हड़कंप
सराफा बाजार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, लापता बताया जा रहा व्यक्ति बंगाली कारीगर है। चर्चा है कि उसके पास मौजूद सोना किसी एक व्यापारी का नहीं, बल्कि अलग-अलग कारीगरों से संबंधित था।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) रतलाम के सराफा बाजार से करीब 1200 ग्राम सोना लेकर एक स्वर्ण कारीगर के लापता होने की चर्चा ने बाजार में हलचल बढ़ा दी है। हालांकि, फिलहाल इस मामले की पुलिस स्तर पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही किसी पक्ष द्वारा थाने में लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
सराफा बाजार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, लापता बताया जा रहा व्यक्ति बंगाली कारीगर है। चर्चा है कि उसके पास मौजूद सोना किसी एक व्यापारी का नहीं, बल्कि अलग-अलग कारीगरों से संबंधित था। बताया जा रहा है कि संबंधित कारीगर सोने की बीसी चलाने के साथ ब्याज पर सोना लेने-देने का काम भी करता था। इसी वजह से उसके पास बड़ी मात्रा में सोना जमा होने की बात कही जा रही है।
बाजार में चल रही चर्चाओं के अनुसार, कारीगर के अचानक गायब होने के बाद करीब 1200 ग्राम सोने को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि सोने की वास्तविक मात्रा, उसके मालिकाना हक और कारीगर के लापता होने की वास्तविक वजह को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पुलिस में शिकायत नहीं
खबर लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल पूरे मामले को बाजार में चल रही चर्चाओं और अपुष्ट जानकारी के तौर पर ही देखा जा रहा है। आधिकारिक शिकायत मिलने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?



