जन्मदिन पार्टी में छात्रा को नशीला पाउडर खिलाकर की छेड़छाड़ : अश्लील फोटो से किया ब्लैकमेल : ब्लैकमेल का मामला दर्ज
थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) शहर के औद्योगिक क्षेत्र में एक छात्रा के साथ कथित रूप से नशीला पदार्थ देकर छेड़छाड़ और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
दोस्ती के बहाने पार्टी में बुलाया
जानकारी के अनुसार, घटना 30 नवंबर 2025 की बताई जा रही है। 12वीं कक्षा की छात्रा अपनी सहेली के जन्मदिन समारोह में शिवनगर क्षेत्र में गई थी। वहीं उसकी पहचान एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम “मुन्ना लाला” बताया। आरोप है कि युवक ने छात्रा को सफेद रंग का पाउडर खाने के लिए दिया। मना करने पर उसने इसे सामान्य और सुरक्षित बताते हुए खाने के लिए दबाव बनाया।
पाउडर सेवन के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे चक्कर आने लगे। इसी दौरान युवक ने कथित रूप से उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और मोबाइल से आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं।
धमकी और ब्लैकमेल का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने और पुलिस में शिकायत की बात कहने पर युवक ने उसे जान से मारने तथा तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। घटना के बाद आरोपी लगातार छात्रा को ब्लैकमेल करता रहा, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी।
जांच में सामने आई पहचान
पुलिस जांच में युवक की पहचान सैफ अली (पिता मुश्ताक अली), निवासी मोचीपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह नगर निगम क्षेत्र के पास चश्मे की दुकान लगाता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके विरुद्ध पूर्व में भी कुछ आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिली है।
डेढ़ माह बाद दर्ज कराई रिपोर्ट
लगातार धमकियों से परेशान छात्रा ने परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद वह अपनी नानी के साथ थाना औद्योगिक क्षेत्र पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई।
थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। कथित नशीले पदार्थ की प्रकृति का खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पीड़िता को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
What's Your Reaction?

