ऑपरेशन क्लीन : गुंडे-बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा : एक रात में 182 वारंटियों पर कसा
अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने फरार आरोपियों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कई लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन” के तहत रतलाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिलेभर में व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 79 स्थाई वारंट एवं 103 गिरफ्तारी वारंट तामील कर कुल 182 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिलेभर में अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 30-31 मई की दरमियानी रात जिले के सभी अनुभागों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में विशेष कांबिंग गश्त की गई।
अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने फरार आरोपियों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कई लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मई माह में ऑपरेशन क्लीन के तहत जिलेभर में कुल 201 स्थाई वारंट और 1201 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए हैं। अभियान के दौरान गुंडे-बदमाशों एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों की सघन चेकिंग और सत्यापन भी किया गया।
उन्होंने कहा कि जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। फरार आरोपियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
What's Your Reaction?



