मंडल रेल प्रशिक्षण संस्थान रतलाम को मिला राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण सम्मान
संस्थान परिसर में वर्ष 2022 से 60 किलोवाट पीक क्षमता का सोलर प्लांट संचालित किया जा रहा है। इस सौर ऊर्जा संयंत्र के माध्यम से संस्थान ने भारत सरकार की नेट ज़ीरो पॉलिसी को प्रभावी रूप से अपनाते हुए MPSEB का बिजली बिल शून्य करने में सफलता हासिल की है।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) मंडल रेल प्रशिक्षण संस्थान (MDDTI), रतलाम को ऊर्जा संरक्षण एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए वर्ष 2025-26 का राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण भागीदारी प्रमाण पत्र (NECA-2025) प्रदान किया गया है। यह सम्मान संस्थान द्वारा ऊर्जा दक्षता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
संस्थान परिसर में वर्ष 2022 से 60 किलोवाट पीक क्षमता का सोलर प्लांट संचालित किया जा रहा है। इस सौर ऊर्जा संयंत्र के माध्यम से संस्थान ने भारत सरकार की नेट ज़ीरो पॉलिसी को प्रभावी रूप से अपनाते हुए MPSEB का बिजली बिल शून्य करने में सफलता हासिल की है। यह पहल स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ ऊर्जा बचत का भी उदाहरण बनी है।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE) द्वारा रेलवे के उत्कृष्ट प्रयासों को मान्यता देते हुए विद्युत (पावर) विभाग को वर्ष 2023-24 का प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया था। इसी क्रम में इस वर्ष राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण (NECA-2025) द्वारा वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता लेफ्टिनेंट धर्मेंद्र कुमार प्रजापति एवं उनकी टीम को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सोलर प्लांट की सतत निगरानी, कुशल संचालन एवं नियमित रखरखाव में टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्लांट एवं विद्युत उपकरणों का रखरखाव नरेंद्र सिंह सोलंकी द्वारा वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (पॉवर), रतलाम के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान मंडल रेल प्रशिक्षण संस्थान एवं विद्युत (पॉवर) विभाग, रतलाम के लिए गौरव का विषय है। विभाग की टीम ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऊर्जा संरक्षण एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?





