रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 1 करोड़ की एमडी ड्रग्स जब्त : अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1000 ग्राम (1 किलोग्राम) एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसे मौके पर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। थाना रिंगनोद पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 1 किलोग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹1 करोड़ बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति महू-नीमच फोरलेन हाईवे स्थित बरखेड़ी फंटा, ढोढर क्षेत्र से अवैध एमडी ड्रग्स लेकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए घेराबंदी की और संदिग्ध को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1000 ग्राम (1 किलोग्राम) एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसे मौके पर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान युनुस पिता नियामत खान पठान (52 वर्ष), निवासी ग्राम कोटड़ी, थाना कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चेन, तस्करी नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा कर इसमें शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उप निरीक्षक रघुवीर जोशी, उप निरीक्षक राजेश मालवीय, एएसआई अशोक चौहान सहित थाना रिंगनोद पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
What's Your Reaction?



