कालूखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : ढाई करोड़ की 2.495 किलो MD ड्रग्स की खेप जब्त : चार आरोपियों पर मामला दर्ज : सभी फरार
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को चौकी मावता प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश राठौर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की हुंडई क्रेटा कार क्रमांक RJ 27 CP 3608 में लखन मीणा और उसके तीन साथी बड़ी मात्रा में MD ड्रग्स लेकर बेहपुर-मंदसौर की ओर से मावता होते हुए रियावन की तरफ जा रहे हैं।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कालूखेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 495 ग्राम MD ड्रग्स की खेप बरामद की है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई क्रेटा कार भी जब्त की है। जब्त MD ड्रग्स और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹2.70 करोड़ बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को चौकी मावता प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश राठौर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की हुंडई क्रेटा कार क्रमांक RJ 27 CP 3608 में लखन मीणा और उसके तीन साथी बड़ी मात्रा में MD ड्रग्स लेकर बेहपुर-मंदसौर की ओर से मावता होते हुए रियावन की तरफ जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए रानीगांव फंटे पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध क्रेटा कार दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने कार तेज रफ्तार से रियावन की ओर भगा दी। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी रियावन से चिपिया होते हुए बिलंदपुर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहुंच गए।
कच्चे और उबड़-खाबड़ रास्ते का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने बिलंदपुर-चिपिया के जंगल क्षेत्र में कार छोड़ दी और लखन मीणा समेत चारों आरोपी झाड़ियों की ओर भाग निकले। पुलिस ने आसपास के खेतों और जंगल क्षेत्र में सर्चिंग की, लेकिन अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए।
कार की तलाशी में मिली 2.495 किलो MD
पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में छोड़ी गई क्रेटा कार की तलाशी ली। ड्राइवर सीट के नीचे हरे रंग की कपड़े की थैली मिली। थैली के अंदर तीन पारदर्शी प्लास्टिक पैकेट रखे हुए थे, जिनमें हल्के भूरे रंग का क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला। नियमानुसार जांच और पहचान के बाद पदार्थ MD ड्रग्स पाया गया।
इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर तीनों पैकेटों में कुल 2 किलो 495 ग्राम MD ड्रग्स निकली। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत पैक कर सीलबंद करते हुए जब्त कर लिया।
चार आरोपियों पर मामला दर्ज
मामले में लखन पिता भेरुलाल मीणा निवासी भाकरखेड़ी, क्रेटा चालक और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए गए हैं।
पुलिस अब आरोपियों की तलाश के साथ MD ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर, संभावित खरीदार और पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश और सर्चिंग की जा रही है।
जब्त मशरूका:
- MD ड्रग्स — 2 किलो 495 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹2.50 करोड़
- हुंडई क्रेटा कार — अनुमानित कीमत ₹20 लाख
- कुल अनुमानित कीमत — ₹2.70 करोड़
फरार आरोपी: लखन मीणा सहित क्रेटा चालक और दो अन्य साथी।
What's Your Reaction?



