वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं साहित्यकार बंशीलाल गांधी का निधन : कल रतलाम में होगा अंतिम संस्कार
बंशीलाल गांधी का राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन लंबे समय तक प्रभावशाली रहा। वे मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) के महासचिव तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्य रहे। उन्होंने मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) के चेयरमैन के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) मध्य प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, प्रखर विचारक, लेखक, कवि एवं वरिष्ठ पत्रकार बंशीलाल गांधी का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से प्रदेश के राजनीतिक, साहित्यिक और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है।
बंशीलाल गांधी का राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन लंबे समय तक प्रभावशाली रहा। वे मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) के महासचिव तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्य रहे। उन्होंने मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) के चेयरमैन के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 1977 के लोकसभा चुनाव में वे मंदसौर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी रहे थे। 1994 में पार्षद भी निर्वाचित हुए थे।
राजनीति के साथ-साथ पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे नई दिल्ली से प्रकाशित ‘सांध्य समाचार’ के संपादक रहे। युवा पत्रकार के रूप में उन्होंने जर्मनी और रूस में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया। वे संवेदनशील कवि, प्रखर लेखक और गंभीर चिंतक के रूप में अपनी अलग पहचान रखते थे।
उनके निधन से कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, पत्रकारों, साहित्यकारों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। अनेक लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।
अंतिम संस्कार कल प्रातः 9:30 बजे उनके निज निवास 365/12, विक्रम नगर, रतलाम से अंतिम यात्रा के रूप में निकलेगा। अंतिम संस्कार त्रिवेणी मुक्तिधाम में किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, साहित्यकार, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचेंगे।
What's Your Reaction?



