साधु के वेश में झाड़-फूंक के बहाने चोरी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार : सोने-चांदी के आभूषण व दो बाइक जब्त
आरोपियों ने घर में चावल और गेहूं की ढेरी लगवाई और पूजा-पाठ का दिखावा करने लगे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि परिवार के सभी लोग अपने पहने हुए गहने उतारकर ढेरी पर रख दें। फरियादिया की पुत्री चेतना ने अपने गले का सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल और चांदी की चेन उतारकर रख दी।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जिले की पिपलौदा थाना पुलिस ने झाड़-फूंक और टोने-टोटके के नाम पर ग्रामीण परिवार को ठगकर गहने चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी साधु के वेश में घर पहुंचे थे और “भूत-प्रेत का साया” बताकर परिवार को अपने झांसे में ले लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 मई 2026 को ग्राम पंचेवा निवासी कारीबाई भील ने चौकी सुखेड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 मई को चार अज्ञात व्यक्ति उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने गेहूं और चावल की भिक्षा मांगी और फिर परिवार को कहा कि उनके घर पर भूत-प्रेत का साया है, जिसे झाड़-फूंक और टोटकों से दूर किया जा सकता है।
आरोपियों ने घर में चावल और गेहूं की ढेरी लगवाई और पूजा-पाठ का दिखावा करने लगे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि परिवार के सभी लोग अपने पहने हुए गहने उतारकर ढेरी पर रख दें। फरियादिया की पुत्री चेतना ने अपने गले का सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल और चांदी की चेन उतारकर रख दी।
इसके बाद आरोपियों ने गहनों को अनाज की ढेरी में छिपाने का नाटक किया और परिवार के लोगों को कुछ दूरी पर बैठा दिया। इसी बीच फरियादी के छोटे पुत्र को श्मशान घाट की ओर ले जाकर कुछ दूरी पर छोड़ दिया और आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। बाद में परिवार ने देखा तो गहने गायब थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में एसडीओपी संदीप मालवीय और थाना प्रभारी रमेश कोली के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। चौकी प्रभारी उनि. राजू मखोड को टीम प्रभारी बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने हुसैन टेकरी जावरा क्षेत्र से चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गया एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की चेन तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त की गईं। जब्त आभूषणों की कुल कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय राव निवासी प्रतापगढ़ राजस्थान, लखन राव निवासी दलोदा मंदसौर, भोला राव निवासी गुलियाना तथा कन्हैयालाल उर्फ नरेंद्र राव निवासी दलोदा शामिल हैं।
कार्रवाई में निरीक्षक रमेश कोली, उनि. राजू मखोड, सउनि. मोहनलाल गुजराती, आरक्षक विजयपाल सिंह, प्रेम मीणा, जितेंद्र माली और कारुसिंह सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही।
What's Your Reaction?



