कोर्ट के आदेश पर निगम की बड़ी कार्रवाई : रहवासी क्षेत्रों से हटे कबाड़ गोदाम : कबाड़ जुलवानिया ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचाया
नगर निगम ने बताया कि रहवासी क्षेत्रों में संचालित कबाड़ दुकानों को शहर से बाहर स्थानांतरित करने के संबंध में माननीय न्यायालय द्वारा निर्देश दिए गए हैं।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) शहर के रहवासी क्षेत्रों में संचालित कबाड़ गोदामों के खिलाफ नगर निगम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 कबाड़ व्यवसायियों के गोदाम हटाए। नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान जब्त कबाड़ को जुलवानिया ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचाया।
कार्रवाई के तहत योगेश्वर महादेव मंदिर के सामने अमृत सागर निवासी ख्वाजा हुसैन, मोती नगर निवासी गौतम सिसोदिया, सागर पिता मांगीलाल, एजाज अहमद मंसूरी (अल शिफा फर्नीचर) तथा शंकरगढ़ निवासी मोहम्मद सिद्दीक व मोहम्मद नासिर के कबाड़ गोदाम हटाए गए।
नगर निगम ने बताया कि रहवासी क्षेत्रों में संचालित कबाड़ दुकानों को शहर से बाहर स्थानांतरित करने के संबंध में माननीय न्यायालय द्वारा निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत महापौर प्रहलाद पटेल के निर्देश पर निगम आयुक्त अनिल भाना ने जिला कलेक्टर मिशा सिंह को पर्याप्त पुलिस बल एवं कार्यपालक दंडाधिकारी उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा था। पर्याप्त बल उपलब्ध होने के बाद संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न रहवासी क्षेत्रों में संचालित लगभग 85 कबाड़ दुकानों को हटाने के लिए 19 दिसंबर 2025 को सूचना पत्र जारी किए गए थे। सूचना पत्र के खिलाफ कबाड़ व्यापारियों द्वारा दायर याचिका को न्यायालय ने खारिज कर दिया था तथा दुकानों को शहर से बाहर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए थे।
निगम अधिकारियों के अनुसार भीषण गर्मी के चलते शहर में आगजनी की घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। अधिकांश कबाड़ गोदामों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। साथ ही यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए रहवासी क्षेत्रों से कबाड़ दुकानों और गोदामों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, स्वच्छता अधिकारी राजेंद्र सिंह पंवार, माणक चौक थाना टीआई, जोन प्रभारी विनय चौहान, तरुण राठौड़ सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
What's Your Reaction?



