लंबित मामलों पर कलेक्टर की सख्ती : राजस्व, खनिज और फौजदारी प्रकरणों की होगी नियमित सुनवाई, लंबित प्रकरणों के जल्द निराकरण के निर्देश
कलेक्टर ने न्यायालय के रीडर को लंबित प्रकरणों की अद्यतन सूची तैयार करने, पुराने एवं लंबे समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता से सूचीबद्ध करने तथा नियमित रूप से कॉज लिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कलेक्टर न्यायालय में लंबित विभिन्न प्रकरणों की नियमित सुनवाई और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने न्यायालय के रीडर एवं संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि न्यायालय में दर्ज प्रकरणों की नियमित पेशी निर्धारित कर नियत तिथि पर सुनवाई के लिए प्रस्तुत किए जाएं।
कलेक्टर न्यायालय में राजस्व प्रकरणों के साथ-साथ खनिज संबंधी प्रकरण, फौजदारी एवं प्रतिबंधात्मक प्रकरण तथा विभिन्न अधिनियमों के अंतर्गत कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी की न्यायालयीन अधिकारिता में आने वाले अन्य मामलों की भी सुनवाई होती है। कलेक्टर ने सभी श्रेणियों के लंबित प्रकरणों को व्यवस्थित रूप से सूचीबद्ध कर नियमित सुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने न्यायालय के रीडर को लंबित प्रकरणों की अद्यतन सूची तैयार करने, पुराने एवं लंबे समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता से सूचीबद्ध करने तथा नियमित रूप से कॉज लिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही नोटिस की समय पर तामील, आवश्यक अभिलेखों की उपलब्धता और अधीनस्थ न्यायालयों अथवा कार्यालयों से संबंधित रिकॉर्ड समय पर प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रकरणों में अनावश्यक स्थगन से बचते हुए प्रत्येक पेशी पर प्रभावी कार्यवाही की जाए। पक्षकारों को अनावश्यक रूप से बार-बार उपस्थित न होना पड़े और उन्हें निर्धारित तिथि पर सुनवाई का उचित अवसर मिले, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए।
कलेक्टर द्वारा अब न्यायालय में नियमित रूप से प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी। इससे राजस्व, खनिज, फौजदारी एवं अन्य वैधानिक प्रकरणों के निराकरण में गति आएगी तथा कलेक्टर न्यायालय की कार्यवाही अधिक नियमित, प्रभावी एवं सुव्यवस्थित होगी।
What's Your Reaction?



