मुंबई–दिल्ली एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : तेज रफ्तार कार ट्राले से जा भिड़ी : एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुजरात के सूरत में कपड़ा व्यवसाय करने वाले 38 वर्षीय साहिल पिता संजय अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नोएडा जा रहे थे
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) मुंबई–दिल्ली एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार से जा रही एक कार आगे चल रहे ट्राले में जोरदार तरीके से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए आवाजाही भी प्रभावित रही।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुँची और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफ़र किया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
नोएडा जा रहा था परिवार, काजलिया पाड़ा के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुजरात के सूरत में कपड़ा व्यवसाय करने वाले 38 वर्षीय साहिल पिता संजय अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नोएडा जा रहे थे। शनिवार सुबह लगभग 8:30 बजे, काजलिया पाड़ा के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में आगे चल रहे ट्राले के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया।
एयरबैग खुले, वरना हो सकती थी बड़ी जनहानि
हादसे के वक्त कार के एयरबैग समय पर खुल गए, जिसके कारण परिवार की जान बच गई, अन्यथा दुर्घटना बेहद गंभीर रूप ले सकती थी। फिर भी हादसे में चारों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में साहिल कुमार, उनकी पत्नी स्वेनका (35), बेटा शनय (15) और छोटा बेटा श्यान (4) शामिल हैं।
सभी को अस्पताल में भर्ती कर इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने परिवार के अन्य रिश्तेदारों को दुर्घटना की सूचना दे दी है। साथ ही, यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा चालक की लापरवाही, अचानक ब्रेक लगाने या तकनीकी खराबी के कारण हुआ। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को हादसे की वास्तविक वजह पता चलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?

