रतलाम दौरे में दिखा छिंदवाड़ा कांड का साया : मुख्यमंत्री ने मीडिया से बनाई दूरी, नेताओं को भी रखा बेरीकेट के पार
शहर में चर्चा है कि जिन वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा को रतलाम में स्थापित करने की नींव रखी, उन्हें भी मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए बेरीकेट के पीछे खड़ा रहना पड़ा
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज)। छिंदवाड़ा के सिरप कांड में 22 मासूमों की मौत का असर शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के रतलाम दौरे पर साफ नजर आया। मुख्यमंत्री ने पूरे दौरे के दौरान मीडिया से दूरी बनाए रखी और जिला प्रशासन ने भी इस ‘निर्देश’ का पालन पूरी ईमानदारी से किया।
शहर में चर्चा है कि जिन वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा को रतलाम में स्थापित करने की नींव रखी, उन्हें भी मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए बेरीकेट के पीछे खड़ा रहना पड़ा। हालात यह रहे कि जो कभी डॉ. यादव के साथ सड़कों पर कंधे से कंधा मिलाकर चलते थे, उन्हें आज दूरी से ही नमन करना पड़ा।
यहां तक कि खुद को ‘प्रदेश का ताकतवर मंत्री’ मानने वाले भी चुपचाप यह सब नज़ारा देखते रहे। मुख्यमंत्री किसी भी स्थानीय मंच पर नहीं उतरे। नेताओं द्वारा तैयार किए गए सभी स्वागत मंचों को नज़रअंदाज़ कर गाड़ी में ही स्वागत करवाया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार दोपहर करीब 12:35 बजे बंजली हवाई पट्टी पर हेलीकॉप्टर से रतलाम पहुंचे। कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, विधायक राजेंद्र पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय सहित विधायकों, नेताओं और प्रशासनिक अमले ने अगवानी की। हवाई पट्टी से वे सीधे काटजू नगर स्थित संघ शताब्दी सभागार के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे।
What's Your Reaction?

