नामली थाने में हवालात के अंदर आरोपी की मौत, दुष्कर्म मामले में हुआ था गिरफ्तार : मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
बताया जा रहा है कि रात करीब 2:30 बजे तक आरोपी सीसीटीवी कैमरों में सामान्य स्थिति में बैठा दिखाई दे रहा था। वहीं सुबह लगभग 4 बजे बंदी गृह के प्रभारी ने जब कैमरे चेक किए, तो आरोपी फंदे पर लटका हुआ नजर आया।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जिले के नामली थाना परिसर में बुधवार-गुरुवार की दरमियान रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति हवालात के अंदर फांसी के फंदे पर लटका पाया गया। मृतक के खिलाफ उसकी ही 16 वर्षीय बेटी ने गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था।
पुलिस जानकारी के अनुसार, आरोपी नामली थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी था। बुधवार शाम उसकी बेटी की शिकायत पर उसके खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे उसी रात गिरफ्तार कर हवालात में बंद कर दिया था।
बताया जा रहा है कि रात करीब 2:30 बजे तक आरोपी सीसीटीवी कैमरों में सामान्य स्थिति में बैठा दिखाई दे रहा था। वहीं सुबह लगभग 4 बजे बंदी गृह के प्रभारी ने जब कैमरे चेक किए, तो आरोपी फंदे पर लटका हुआ नजर आया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने हवालात में मौजूद पाइप और अपने कपड़े के सहारे फंदा बनाकर यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मामले की मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
घटना के बाद परिजन भी थाने पहुंचे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
What's Your Reaction?

