महाशिवरात्रि पर निकलेगी भव्य ‘सम्मान साफा वाहन रैली : हजारों की संख्या में युवा पारंपरिक साफा पहनकर होंगे शामिल
रैली की शुरुआत शनिवार सुबह 10 बजे व्यायामशाला परिसर से होगी। कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए क्षेत्र के 20 से अधिक अनुभवी साफा-बांधने वाले उस्ताद मौके पर उपस्थित रहेंगे, जो युवाओं के सिर पर पारंपरिक साफा बांधेंगे।
रतलाम (प्रकाशभारत.कॉम) महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शहर में हर वर्ष की तरह इस बार भी जवाहर व्यायामशाला (अम्बर ग्रुप) के तत्वावधान में 14 फरवरी, शनिवार को विशाल ‘सम्मान साफा वाहन रैली’ निकाली जाएगी। रैली का नेतृत्व दौलत जाट पहलवान करेंगे। आयोजन में हजारों की संख्या में युवा पारंपरिक साफा पहनकर शामिल होंगे।
20 से अधिक उस्ताद बांधेंगे साफा
रैली की शुरुआत शनिवार सुबह 10 बजे व्यायामशाला परिसर से होगी। कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए क्षेत्र के 20 से अधिक अनुभवी साफा-बांधने वाले उस्ताद मौके पर उपस्थित रहेंगे, जो युवाओं के सिर पर पारंपरिक साफा बांधेंगे। आयोजन को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी रैली
वाहन रैली व्यायामशाला परिसर से प्रारंभ होकर सैलाना बस स्टैंड, शहर सराय, धानमंडी, नाहरपुरा, डालूमोदी बाजार, माणकचौक, घासबाजार, चांदनी चौक और त्रिपोलिया गेट होते हुए प्राचीन श्री गढ़कैलाश महादेव मंदिर पहुंचेगी। मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ का विशेष अभिषेक एवं महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की जाएगी।
युवाओं से सहभागिता की अपील
व्यायामशाला के संचालक दौलत पहलवान, सूरज पहलवान, अम्बर पहलवान, अभिषेक पहलवान, वैभव पहलवान, मयंक पहलवान, गौरव पहलवान एवं अमन पहलवान ने शहर की धर्मप्रेमी जनता एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
What's Your Reaction?

