युवती का पीछा, छेड़खानी और तेजाब से चेहरा बिगाड़ने की धमकी देने वाले आरोपी का पुलिस ने निकाला जुलूस : कई महीनों से युवती को कर रहा था परेशान
गुरुवार को पुलिस उसे मुख्य बाजार से घटनास्थल तक लेकर पहुंची और घटनाक्रम की तस्दीक कराई। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) माणक चौक थाना क्षेत्र में युवती का कथित तौर पर लगातार पीछा करने, छेड़खानी करने और तेजाब फेंककर चेहरा बिगाड़ने की धमकी देने की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अब्दुल रहमान को गिरफ्तार किया। गुरुवार दोपहर पुलिस आरोपी को मुख्य बाजार से घटनास्थल तक लेकर पहुंची और मामले में घटनास्थल की तस्दीक कराई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया ।
युवती ने शिकायत में बताया कि पिछले तीन-चार महीनों से कुछ युवक उसकी दुकान के आसपास चक्कर लगाते थे और उसका पीछा करने के साथ भद्दे कमेंट भी करते थे।
बुधवार दोपहर करीब 1 बजे युवती भोजन के लिए जा रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने स्कूटी से उसका पीछा किया और उसे रोकने का प्रयास किया। युवती ने घबराने के बजाय हिम्मत दिखाई और आरोपियों का वीडियो बना लिया। बताया गया कि वीडियो में आरोपियों के चेहरे के साथ स्कूटी का नंबर भी रिकॉर्ड हो गया।
घटना के बाद जब युवती के पिता मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें भी धमकाया। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि उसे तेजाब फेंककर चेहरा बिगाड़ने की धमकी दी गई। इसके बाद परिवार माणक चौक थाने पहुंचा और नामजद शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए माणक चौक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब्दुल रहमान को गिरफ्तार किया। गुरुवार को पुलिस उसे मुख्य बाजार से घटनास्थल तक लेकर पहुंची और घटनाक्रम की तस्दीक कराई। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?



